Ranchi : रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान जारी है. चुटिया क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 और 14 के सभी बूथों भी शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतदान हो रहा है. प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
वार्ड 14 : सुबह 10 बजे तक 6 प्रतिशत मतदान
वार्ड संख्या 14 में सुबह 10 बजे तक लगभग 6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. यहां कुल 1067 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 526 पुरुष और 541 महिलाएं शामिल हैं.
मतदान केंद्र पर पांच कमरों में वोटिंग की व्यवस्था की गई है. मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें निर्धारित कमरे में भेजा जा रहा है. प्रत्येक कमरे के बाहर तैनात पुलिस कर्मी मतदाताओं की मदद कर रहे हैं.
मतदान के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों से पहुंच रहे हैं, जिससे सड़क पर कुछ समय के लिए भीड़ की स्थिति बन रही है. हालांकि प्रशासन की ओर से वाहनों को जल्द हटाने की कोशिश की जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे और किसी को कोई दिक्कत न हो.
75 वर्षीय बी. शुक्ला ने मतदान के बाद कहा कि उन्होंने विकास को ध्यान में रखते हुए वोट दिया है. बैलेट सिस्टम के कारण कुछ लोगों को हल्की परेशानी हो रही है, हालांकि व्यवस्था संतोषजनक है. वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.
अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे 55 वर्षीय मनविंदर सिंह ने बताया कि बैलट सिस्टम के कारण वृद्ध और युवाओं को दिक्कतें हो रही है. उनका कहना है कि अगर ईवीएम मशीन होती तो प्रक्रिया ज्यादा आसान होती, क्योंकि बैलट पेपर पर नाम छोटे अक्षरों में लिखी होती हैं.
वार्ड 13 : 10:30 बजे तक 17 प्रतिशत वोटिंग
चुटिया के वार्ड संख्या 13 के मतदान केंद्र संख्या 12 पर सुबह 10:30 बजे तक लगभग 200 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल 1125 मतदाताओं का करीब 17 प्रतिशत है. इनमें 484 पुरुष और 641 महिलाएं शामिल हैं.
सुबह के समय यहां अपेक्षाकृत अधिक भीड़ रही, हालांकि बाद में मतदान सामान्य गति से चलता रहा. मतदाता धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते दिखे. कई लोग परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे.
कुछ मतदाताओं ने पेपर बैलेट को ईवीएम की तुलना में अधिक विश्वसनीय बताया. जबकि पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं ने अपने अनुभव को खास बताया.
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
दोनों वार्डों में पेयजल, बिजली और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है. कुछ मतदाताओं को अपने निर्धारित बूथ की जानकारी पाने में शुरुआती दिक्कत हुई, लेकिन तैनात कर्मियों ने उन्हें मार्गदर्शन दिया. कुल मिलाकर वार्ड 13 और 14 में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Leave a Comment