Search

रांची DC ने हटिया स्टेशन में प्रवासी श्रमिकों की वापसी की तैयारी का लिया जायजा

Ranchi : हटिया स्टेशन में प्रवासी श्रमिकों के आने को लेकर उपायुक्त छवि रंजन ने हटिया स्टेशन में हो रही व्यवस्था का जायजा लिया. स्टेशन में ट्रेनों से आनेवाले प्रवासियों के लिए की गई बैरिकेडिंग, जलपान व्यवस्था की जानकारी लेने के बाद वहां मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. उनके साथ वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा भी मौजूद थे. इस दौरान उप विकास आयुक्त विशाल सागर, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष गुप्ता, जिला नजारत उप समाहर्ता केके अग्रवाल उपस्थित थे. उपायुक्त ने इस दौरान रांची के अलावा दूसरे जिले के प्रवासी मजदूरों को ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था का भी जायजा लिया.

रांची के शहरी क्षेत्र के लिए अलग व्यवस्था

ट्रेन से आने वाले रांची जिला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के प्रवासी मजदूरों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी. शहरी क्षेत्र के मजदूरों को खेल गांव में बनाए गए क्वॉरंटीन सेंटर में ले जाया जाएगा. यहां रैपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने पर 7 दिनों के लिए इंस्टीट्यूशनल क्वॉरंटीन किया जाएगा. सात दिनों के बाद पुनः टेस्ट निगेटिव पाए जाने पर निजी स्थान जाने की अनुमति दी जाएगी. टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा.

रांची के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग व्यवस्था

ग्रामीण क्षेत्र के प्रवासी मजदूरों को संबंधित प्रखंड के आइसोलेशन सेंटर ले जाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट कराई जाएगी. टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने पर इन्हें संबंधित प्रखंड के पंचायत में 7 दिनों के लिए इंस्टीट्यूशनल क्वॉरंटीन किया जाएगा. पुनः 7 दिनों के बाद टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने पर इन्हें अपने निजी स्थान जाने की अनुमति दी जाएगी. अगर इनका टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आता है तो इन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा. विभिन्न प्रखंडों में भी क्वॉरंटीन सेंटर का जायजा लिया जा रहा है. सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं इंसिडेंट कमांडर को क्वॉरंटीन सेंटर में व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है.

दूसरे जिले के लिए अलग व्यवस्था

ट्रेन से आने वाले दूसरे जिलों के प्रवासी मजदूरों के लिए हटिया रेलवे स्टेशन पर संबंधित जिला तक जानेवाली बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. गृह जिला में पहुंचने पर इन प्रवासी मजदूरों की जांच की जाएगी. इसके बाद उन्हें आइसोलेशन या क्वॉरंटीन में रखा जाएगा.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//