जीएम ने मॉनसून में निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी को लेकर की बैठक, दिए कई निर्देश Ranchi : जेबीवीएनएल के रांची एरिया बोर्ड के जीएम पीके श्रीवास्तव ने गुरुवार को सभी कार्यपालक, सहायक एवं कनीय अभियंताओं के साथ बैठक की. उन्होंने मॉनसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मॉनसून के दौरान आंधी-पानी, थंडरिंग की संभावना हमेशा बनी रहती है. इसलिए इसके हिसाब से सभी को तैयार रहना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शहरी इलाके में हर हाल में 23 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 21 घंटे तक बिजली आपूर्ति की जाए.
दिए गए यह निर्देश
- सभी सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक अपने क्षेत्र के सबस्टेशन में मौजूद रहेंगे.
- प्रत्येक सबस्टेशन में उपभोक्ता की शिकायत के लिए रजिस्टर रखें. अगर किसी उपभोक्ता के द्वारा शिकायत दर्ज कराया जाता है, तो शिकायत दर्ज करते हुए संबंधित क्षेत्र के पदाधिकारी को सूचित करेंगे.
- सभी पदाधिकारी आमजनों का फोन कॉल उठाना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही बिजली के संदर्भ में सही-सही जानकारी बहाल की जाए.
- प्रत्येक सबस्टेशन में रात्रि पाली में मेंटेनेंस गैंग रखेंगे, ताकि आकस्मिक स्थिति में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके.
- विभागीय व्हाट्सअप कंप्लेन नंबर-94311-35682 पर प्राप्त शिकायतों का निबटारा भी त्वरित गति से करेंगे.
- किसी भी फीडर का शटडाउन सहायक विद्युत अभियंता, कार्यपालक अभियंताओं की अनुमति के पश्चात ही लिया जाए.
- फिल्ड में जिस ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज बार-बार उड़ता है, उसे चिन्हित करते हुए उसकी क्षमता बढ़ायी जाए.
- आवश्यकतानुसार फीडर में सटने वाले पेड़ की टहनियों की छंटाई सुनिश्चित करें, ताकि बारिश में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सके.
[wpse_comments_template]
Leave a Comment