- पिस्का मोड़ के जतरा मैदान के समीप नाली में घायल अवस्था में मिला युवक
- स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद की पहल पर पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल में कराया भर्ती
- फॉर्च्यूनर से टक्कर होने की आशंका, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Ranchi : पंडरा ओपी थाना क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित जतरा मैदान के समीप पुरानी टिंबर के पास शुक्रवार तड़के एक युवक नाली में घायल अवस्था में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. खबर लिखे जाने तक घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है.
मॉर्निग वॉक पर निकले लोगों ने घायल युवक को देखा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासी सौरभ जायसवाल मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान जतरा मैदान के समीप पुरानी टिंबर के पास उनकी नजर नाली में घायल अवस्था में पड़े एक युवक पर पड़ी. सौरभ ने तुरंत इसकी सूचना वार्ड-32 के पार्षद संजय कुमार उर्फ पप्पू सिंह को दी.
सूचना मिलते ही पार्षद अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार को घटना से अवगत कराया. सूचना मिलते ही पीसीआर वैन घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को नाली से बाहर निकालकर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
फॉर्च्यूनर से टक्कर की आशंका
सुबह टहलने निकले एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी आकाश पांडे ने बताया कि उन्होंने सुबह एक फॉर्च्यूनर को नाली में गिरा देखा था. लेकिन उस वक्त वहां कोई घायल व्यक्ति नहीं था. कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो फॉर्च्यूनर वहां से जा चुकी थी और वहां एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि संभवतः उसी वाहन की चपेट में आने से युवक घायल हुआ होगा.
मामले की जांच कर रही पुलिस
इस संबंध में पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में एडमिट करा दिया गया है. पुलिस युवक की पहचान करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घायल व्यक्ति को किसी वाहन ने धक्का मारा या फिर वो खुद नाली में गिरकर घायल हुआ.