Ranchi : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित गढ़ाटोली में देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान तनवीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है. हत्या का आरोप उसके ही दोस्त शाहरुख पर लगा है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
इसे भी पढ़ें
खाने-पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्तों के बीच खाने-पीने और आपसी बातचीत को लेकर कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर तनवीर पर गोली चला दी. गोली लगने से उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मृतक के परिजनों ने शाहरुख पर हत्या का आरोप लगाया था. इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान शाहरुख की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
हथियार की बरामदगी के लिए पूछताछ
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में खाने-पीने और आपसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली है. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास में जुटी है. साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

