Search

फरवरी से अब तक रांची नगर निगम ने बचाये 60 लाख लीटर ग्राउंड वाटर

ड्राईजोन में टैंकर से हर दिन दो लाख लीटर पानी की सप्लाई पहले से निगम के पास हैं 50 टैंकर, 25 नये टैंकर खरीदे गये Akarsh Aniket Ranchi: ज्यों-ज्यों गर्मी बढ़ रही है, शहर में पेयजल संकट गहराने लगा है. शहर के दर्जन भर से ज्यादा इलाके ड्राई जोन के रूप में चिह्नित हैं, जहां फरवरी-मार्च माह से ही कुएं सूख गये हैं और चापानल से पानी नहीं निकल रहा. थोड़ा पानी मिल भी रहा है, तो मटमैला पानी है, जो पीने लायक नहीं. बोरिंग जबाव दे दिए हैं, क्योंकि जलस्तर काफी नीचे चला गया है. नगर निगम शहर के ड्राई जोनवाले इलाके में टैंकर से जलापूर्ति कर रहा है. पहले से निगम के पास 50 टैंकर हैं और गर्मी में शहर के लोगों को पानी की दिक्कत न हो, इसे देखते हुए निगम ने 25 नये टैंकर की व्यवस्था की है, ताकि लोगों को गर्मी में पानी का दिक्कत नहीं हो.

ये इलाके तेजी से ड्राई जोन में तब्दील हो रहे हैं

कांके रोड, मोरहाबादी, एदलहातू, हिंदपीढ़ी, लालपुर, बरियातू, हरमू रोड, हरमू विद्यानगर, मधुकम, रातू रोड, धुर्वा, तुपुदाना, हटिया समेत कई घनी आबादी वाले इलाके पूरी तरह से ड्राई जोन में तब्दील होने लगे हैं.

फरवरी से जुलाई तक टैंकर से पानी पहुंचाता है निगम

शहर के ड्राई जोन एरिया में फरवरी से ही जलसंकट गहराने लगता है. नगर निगम ड्राई जोन एरिया में फरवरी से जुलाई तक टैंकर से पानी सप्लाई करता है. इन इलाकों में पानी आपूर्ति के लिए नगर निगम ने शहर के हरमू मुक्तिधाम, बकरी बाजार सहित अधा दर्जन से अधिक जगहों पर डीप बोरिंग करा रखी है. डोपी बोरिंग में मोटर के जरिए टैंकर में पानी भर कर ड्राई जोन एरिया में सप्लाई किया जाता रहा है.

इन इलाकों में निगम कर रहा टैंकर से पानी की आपूर्ति

नाला रोड, डिबडीह, अरगोड़ा- कटहल मोड़ रोड, हरिओम नगर, हिंदपीढ़ी खेत मोहल्ला , माली टोला, बसंत विहार रोड नंबर चार, प्रेम पुल डंगराटोली, काली टावर लालपुर के पास, मुक्ति शरण लेन, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, नदी किनारे हिंदपीढ़ी, बड़ी मस्जिद हिंदपीढ़ी, सिंदुवार टोली मोरहाबादी, पहाड़ी मोहल्ला, भरमटोली, आजाद स्कूल के पास, डंगराटोली, बसर टोली, नाला रोड, जेपी मार्केट के पास, शर्मा मार्केट, ओबरिया रोड, पटेल नगर, ऊपर हटिया, देवी मंडप, तुपुदाना, ब्रह्मचारी मैदान, आदर्श नगर, महुआ मोहल्ला, बारीक टोली, आदर्श नगर, इंदिरा नगर, जगन्नाथपुर नीचे टोला, कुम्हारटोली, पाहन टोली, मौसीबाड़ी, गिरजाटोली, बड़गाईं व धुमसा टोली में टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है.

पानी के लिए करें शिकायत

शहर के किसी इलाके में अगर पानी की समस्या हो, तो लोग नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 9431104429 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे के अंदर ही नगर निगम संबंधित मोहल्ले में टैंकर से नियमित जलापूर्ति शुरू कर देगा.

सरफेस वाटर का ट्रीटमेंट कर पानी पहुंचाया जा रहा

नगर आयुक्त अमित कुमार ने ग्राउंड वाटर लेवल बनाये रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. इस साल ग्राउंड वॉटर की जगह जमीन की सतह के उपर मौजूद पानी, जैसे डैम और संप के पानी का ट्रीटमेंट कर टैंकर के माध्यम से ड्राई जोन इलाकों में सप्लाई करने का निर्णय लिया है.

निगम ने ग्राउंड वाटर बचाये, संप से कर पानी सप्लाई

निगम के वाटर सेक्शन के कर्मी ने बताया कि नगर आयुक्त की पहल पर योजना पर अमल होते ही फरवरी से अबतक निगम ने लगभग 60 लाख लीटर ग्राउंड वॉटर बचाये हैं. नगर निगम फिलहाल पांच जगहों से सरफेस वाटर का ट्रीटमेंट कर टैेंकर से जलापूर्ति कर रहा है, जिसमें गोंदा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, हातमा हिल, सिमलिया (यूजीआर-1), आईटीबीपी (यूजीआर-2) और सिरम टोली शामिल है. यहां से संप के पानी का ट्रीटमेंट कर टैंकर से पानी सप्लाई की जा रही है.

प्रतिदिन 50 से 55 टैंकर सप्लाई में लगे हैं

निगम द्वारा रोजाना टैंकर के जरिए दो लाख लीटर पानी ड्राई जोन वाले इलाकों में सप्लाई की व्यव्सथा की गयी है. हर रोज लगभग 50-55 टैंकर पानी सप्लाई में लगे हैं. एक टैंकर की क्षमता चार हजार लीटर की है.

जल संकट न हो, इसलिए 25 नये टैंकर खरीदे गये

नगर निगम ने पानी सप्लाई के लिए 25 नये टैंकर की खरीदारी की है, ताकिशहर के लोगों को गर्मी के दिनों में जरूरत के समय पानी का संकट न हो. पिछले साल निगम के पास लगभग 50 टैंकर थे, जिनमें से कुछ टैंकर खराब भी हो गये हैं, इसलिए निगम ने नये टैंकर की खरीदारी की है. हालांकि अब टैंकर की संख्या बढ़कर 75 हो गयी है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp