Ranchi News : धुर्वा थाना क्षेत्र के योगदा सत्संग कॉलेज के सामने स्थित एक झोपड़ी से युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है. युवक की पहचान पवन सिंह (28 वर्षीय) के रूप में हुई है. पवन मूल रूप से गुमला का रहने वाला है. लेकिन वह रांची में किराए के झोपड़ी में रह रहा था.
परिजनों के अनुसार, पवन का फोन कई दिनों से बंद आ रहा था. अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने रांची में रहने वाले चचेरे भाई को पता लगाने को कहा. जब चचेरा भाई पवन के किराए के घर पर गया तो झोपड़ी से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस और पवन की बहन प्रीति कुमारी को इसकी जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रिम्स भेज दिया. वहीं पवन की बहन प्रीति गुमला से रिम्स पहुंची और शव की पहचान अपने भाई पवन कुमार के रूप में की.
प्रीति कुमारी ने सीमा देवी और उसके अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है और इस संबंध में पुलिस को आवेदन दिया है. पवन की बहन का आरोप है कि सीमा पवन को जबरन उसके साथ रहने का दबाव बनाती थी.
प्रीति का कहना है कि सीमा देवी पहले से शादीशुदा है. साथ ही आरोप लगाया कि उसका अन्य लड़कों के संपर्क था, जिसका विरोध पवन करता था. फिहला पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस हत्या व अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है.