Search

 
 
 

Ranchi News: जिम्नैसियाड-2026 के राष्ट्रीय चयन ट्रायल में झारखंड के 18 खिलाड़ी, प्रतिभा दिखाने का अवसर

Ranchi News: अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल महासंघ (आईएसएफ) की ओर से आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 का आयोजन 3 से 8 दिसंबर 2026 तक ब्राजील के रियो डी जनेरियो में किया जाएगा. झारखंड के खिलाड़ी ताइक्वांडो, जूडो, कुश्ती और एथलेटिक्स में भारतीय दल में जगह बनाने के लिए राष्ट्रीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे. ताइक्वांडो, जूडो और कुश्ती के ट्रायल रायपुर, छत्तीसगढ़ में, जबकि एथलेटिक्स का ट्रायल गोवा में होगा.
 
सांकेतिक तस्वीर

Ranchi News: झारखंड के स्कूली खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वर्ष 2025-26 के राष्ट्रीय स्कूल खेलों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर राज्य के 18 स्कूली खिलाड़ियों का सिलेक्शन आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 के भारतीय दल के राष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए हुआ है. इनमें 9 बालक और 9 बालिकाएं शामिल हैं. झारखंड के स्कूली खेलों के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ी एक साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के चयन ट्रायल तक पहुंचे हैं.

 

इसे भी पढ़ें:

 

अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल महासंघ (आईएसएफ) की ओर से आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 का आयोजन 3 से 8 दिसंबर 2026 तक ब्राजील के रियो डी जनेरियो में किया जाएगा. झारखंड के खिलाड़ी ताइक्वांडो, जूडो, कुश्ती और एथलेटिक्स में भारतीय दल में जगह बनाने के लिए राष्ट्रीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे. ताइक्वांडो, जूडो और कुश्ती के ट्रायल रायपुर, छत्तीसगढ़ में, जबकि एथलेटिक्स का ट्रायल गोवा में होगा.

 

ताइक्वांडो के ट्रायल 14 और 15 सितंबर को रायपुर में होंगे. इसमें विश्वजीत राज सिंह, श्रेया कुमारी और रोशन कुमार शामिल होंगे. जूडो के ट्रायल 17 और 18 सितंबर को होंगे, जिसमें मोहन कुमार पांडेय और अनुष्का सिंह हिस्सा लेंगी. कुश्ती के ट्रायल 20 और 21 सितंबर को रायपुर में होंगे. इसमें अंकुश कुमार यादव, प्रियंका महतो और अनूप कुमार शामिल होंगे.

 

एथलेटिक्स के ट्रायल 6 से 9 अक्टूबर तक अटल स्टेडियम, गुजरा-बम्बोलिम, नॉर्थ गोवा में होंगे. इसमें इमैनुएल किस्कू, संतोष कुमार, बिनीत उरांव, ममता मैरी मुर्मू, अनोखी कुमारी, शिल्पा कुमारी, ओबामी मुर्मू, पृथ्वी उरांव, विवेक उरांव और सबिता मुर्मू हिस्सा लेंगी.

 

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) की ओर से संचालित ‘खेलो झारखंड’ के माध्यम से विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है. इसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल से जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है. अब इसी पहल के जरिए झारखंड के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं. खास बात यह है कि ग्रामीण और सामान्य विद्यालयों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ रहे हैं.

 

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड के 18 स्कूली खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के राष्ट्रीय चयन ट्रायल तक पहुंचना राज्य के लिए गौरव की बात है. ‘खेलो झारखंड’ केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालय स्तर की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की प्रक्रिया बन रहा है. प्रयास है कि राज्य के हर प्रतिभावान बच्चे को अवसर मिले और संसाधनों या भौगोलिक सीमाओं के कारण उसकी प्रतिभा पीछे न रह जाए.

 

अब इन 18 खिलाड़ियों की नजर राष्ट्रीय चयन ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय दल में जगह बनाने पर है. यदि वे चयनित होते हैं तो दिसंबर में रियो डी जनेरियो में होने वाली आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 में भारत के साथ-साथ झारखंड का भी नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही