Khunti :अखिल भारतीय विद्यार्थी (एबीवीपी) की खूंटी इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने जिला संयोजक हिरंजली हेमरोम के नेतृत्व में बिरसा कॉलेज की नवनियुक्त प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी. प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान एबीवीपी झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
भेंट के दौरान एबीवीपी ने कॉलेज में विद्यार्थियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. परिषद ने महाविद्यालय में पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल सामग्री, नियमित कक्षाओं के संचालन सहित अन्य छात्र सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने का आग्रह किया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रहित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कार्य करती रही है.उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि महाविद्यालय प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित कर उनके समाधान की दिशा में रचनात्मक भूमिका निभाना है.
उन्होंने कहा कि बिरसा कॉलेज खूंटी जिले का प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान है और यहां अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.जिला संयोजक हिरंजली हेमरोम ने कहा कि परिषद समय-समय पर विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाती रही है और आगे भी छात्रहित के प्रत्येक विषय पर सकारात्मक संवाद जारी रहेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि नई प्रभारी प्राचार्या के नेतृत्व में महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा.
नवनियुक्त प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन ने एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्र-समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा तथा सकारात्मक सुझावों का स्वागत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि छात्रहित और महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए कॉलेज प्रशासन एवं एबीवीपी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे.
एबीवीपी ने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय प्रशासन और परिषद के बीच सकारात्मक सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा बिरसा कॉलेज शिक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.इस अवसर पर परिषद के सुखराम हेमरोम, दीपक लोहरा, राहुल सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.


Leave a Comment