Ranchi News : रांची के HEC बाईपास रोड में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. रेलवे की जमीन पर करीब 25 वर्षों से रह रहे लोग सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर दी. सड़क जाम और भीड़ के कारण बिरसा चौक से लेकर डीसी के घोड़ा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है.

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध
जानकारी के अनुसार, बायपास रोड बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के पास अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर लेकर टीम पहुंची थी. टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और विरोध शुरू कर दिया.
देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई और सभी ने बिरसा चौक से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर बिरसा चौक-हरमू जाने वाले एक रास्ते को जाम कर दिया है, इससे डीपीएस स्कूल के नजदीक पेट्रोल पंप के पास जाम की स्थिति बनी हुई है.

डीपीएस स्कूल पेट्रोल पंप के पास जाम की स्थिति
लोग प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार से रहने के लिए वैकल्पिक जगह देने की मांग कर रहे हैं. अतिक्रमण कर बनाए गए घरों को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने जेसीबी समेत अन्य संसाधन मौके पर मंगाए हैं. वहीं, किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रांची पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे करीब 20 वर्षों से यहां रह रहे हैं. यदि सरकार उन्हें यहां से हटाती है, तो पहले उनके रहने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जाए. लोगों ने सरकार से पुनर्वास की मांग की है.

पुर्नवास की मांग पर अड़े लोग
बता दें कि सड़क के किनारे लगभग 20 से ज्यादा घर है. कई लोग छोटा सा होटल और राशन दुकान खोल कर अपनी आजीविका चला रहे हैं. अतिक्रमण हटाने से उनके सिर से छत उजड़ जाएगा. साथ ही दाल-रोटी चलाना भी मुश्किल हो जाएगा. फिलहाल मौके पर लोगों की भारी भीड़ मौजूद है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें