Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जनगणना-2027 के फॉर्म में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम की मांग को लेकर रैली निकाली. यह रैली बापू वाटिका से शुरू हुई, जो लोकभवन पहुंची, जहां नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा.
इस दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जब एससी, एसटी और सामान्य वर्ग के लिए कॉलम हैं, तो ओबीसी के लिए अलग कॉलम क्यों नहीं है. उन्होंने कहा कि ओबीसी की आबादी देश में करीब 65 प्रतिशत है और कृषि, व्यवसाय, सरकारी तथा कॉरपोरेट क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान है. उन्होंने कहा कि ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं होने तक आंदोलन गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया जाएगा.
विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि ओबीसी की आबादी करीब 60 से 65 प्रतिशत है. उन्होंने कहा कि जनगणना में ओबीसी का स्पष्ट कॉलम होना चाहिए, ताकि देश में उनकी वास्तविक संख्या सामने आ सके. उन्होंने कहा कि पहले चरण के सर्वे में 33 कॉलम और दूसरे चरण में 40 कॉलम हैं, लेकिन ओबीसी के लिए स्पष्ट कॉलम नहीं दिया गया है.

मार्च से पहले बापू वाटिका के साथ जुटे कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि ओबीसी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग करते हुए कहा कि इससे समाज को सम्मान और अधिकार मिल सकेगा.
बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस लगातार ओबीसी की जातिगत जनगणना की मांग उठा रही है. उन्होंने कहा कि जनगणना से ओबीसी समाज को न्याय और उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.

कांग्रेसियों का लोकभवन मार्च
विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि ओबीसी एक बड़ा पिछड़ा वर्ग है और उसकी आबादी काफी अधिक है, लेकिन उसके अनुपात में आरक्षण कम है. उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पिछड़ रहा है और उसकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है. अंबा प्रसाद ने कहा कि ओबीसी समाज को बांटने की कोशिशों के बीच कांग्रेस सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर उनकी मांगों को मजबूती से उठाएगी.
दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि जातिगत जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ओबीसी समाज को सशक्त करने के लिए नीतियां बनाने और बजट आवंटन में मदद मिलेगी. उन्होंने झारखंड में ओबीसी आरक्षण 27 प्रतिशत से 14 प्रतिशत किए जाने और राज्य सरकार के 27 प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव को केंद्र में लंबित रखने का भी मुद्दा उठाया.
रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव अशोक कमलेश, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, बंधु तिर्की, अम्बा प्रसाद, प्रदीप यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने ओबीसी जनगणना की मांग को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें