Ranchi News : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में अवैध चुलाई शराब की बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया. कोतवाली अंचल के सब-इंस्पेक्टर ओमप्रकाश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने 62 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की.
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण साहू, सुकरा मुंडा और सुगिया देवी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों ने विभाग द्वारा लगाए जाने वाले जुर्माने को भरने की इच्छा जताई है. यदि वे निर्धारित जुर्माना भरते हैं, तो उन्हें चेतावनी देकर छोड़े जाने की संभावना है.
रांची में छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब की गई जब्त
उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम ने बीते कुछ महीनों में रांची के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध महुआ चुलाई शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई. जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले जावा महुआ और उपकरणों को नष्ट किया गया.
- अक्टूबर 2026 : दुर्गा पूजा के दौरान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हराटांड़ स्थित शिवाजी नगर में पुलिस ने छापेमारी की. इस दौरान अवैध बिक्री के लिए रखी गई करीब 200 लीटर महुआ चुलाई शराब जब्त की गई.
- अगस्त 2026 : पिठौरिया थाना क्षेत्र के चंदवे गांव में पुलिस ने अवैध शराब भट्टी में छापेमारी की. इस दौरान करीब 200 किलो जावा महुआ और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त कर नष्ट किया गया.
- अक्टूबर 2026 : इटकी के नारी गांव में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब निर्माण के ठिकानों और भट्ठियों में छापा मारा. हालांकि इस दौरान कितनी अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. इसकी जानकारी नहीं है.
- जून से अक्टूबर 2026 : रांची के विभिन्न ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया. इन कार्रवाइयों में 10 क्विंटल से अधिक जावा महुआ जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया.