Ranchi : राजधानी रांची में एक कारोबारी से कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. कारोबारी ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है. जिसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज और ऑडियो कॉल कर रंगदारी की मांग की गई.
कारोबारी उमाशंकर सिंह के अनुसार 24 जून की देर रात दुबई के नंबर से आए मैसेज में खुद को प्रिंस खान का आदमी बताते हुए पांच करोड़ रुपये देने की मांग की गई. रकम नहीं देने पर उनकी पत्नी, दोनों बेटों और अन्य परिजनों की हत्या करने की धमकी दी गई. पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट और कॉल से जुड़े स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए हैं.
सबसे चिंताजनक बात यह है कि धमकी देने वाले के पास कारोबारी की निजी गतिविधियों की विस्तृत ब्यौरा है. मैसेज में उनके वाहनों का विवरण, कारोबार से जुड़े स्थानों और यहां तक कि मंदिर आने-जाने के समय और रूट का भी जिक्र किया गया. इससे कारोबारी ने आशंका जताई है कि कोई स्थानीय व्यक्ति अपराधियों को लगातार गोपनीय सूचनाएं उपलब्ध करा रहा है.
उमाशंकर सिंह का कहना है कि धमकी भरे फोन और मैसेज लगातार आ रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है. उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले की गहन जांच कर धमकी देने वालों के साथ-साथ जानकारी लीक करने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.
बताया जाता है कि इससे पहले भी इसी कारोबारी को राहुल सिंह गैंग की ओर से रंगदारी की धमकी मिल चुकी है. उस मामले में भी जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
Leave a Comment