Ranchi News : डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू में कार की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक हो गया. आरोप है कि करीब 15 युवकों ने एक युवक और उसके पिता के साथ मारपीट की.
इस दौरान लोहे की रॉड, लाठी और धारदार हथियार से हमला करने और नकदी व सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है. चुना भट्ठा निवासी अमन कुमार ने ग्रैंड विटारा के चालक विशाल सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ डोरंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत के मुताबिक, 6 सितंबर की शाम करीब 7.15 बजे अमन अपनी कार से धुर्वा से हिनू जा रहे थे. इसी दौरान हिनू सेंट्रल बैंक के पास पीछे से आई ग्रैंड विटारा ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर बातचीत शुरू हुई. इसी दौरान अमन के पिता दुर्गेश वर्मन भी मौके पर पहुंचे.
आरोप है कि ग्रैंड विटारा में सवार युवक ने रुपये देने की बात कहकर अपने अन्य साथियों को वहां बुला लिया. प्राथमिकी के अनुसार, कुछ देर बाद करीब 15 युवक मौके पर पहुंच गए और अमन व उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी. अमन का आरोप है कि हमले में उन्हें चोट लगी, जबकि उनके पिता दुर्गेश वर्मन के सिर में गंभीर चोट आई.
घटना की सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घायलों को थाने ले गई. अमन ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए गए. वहीं, उनके पिता के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.