Search

 
 
 

रांचीः एमजीएम के डॉक्टर से मारपीट का विरोध, IMA ने दी राज्यव्यापी हड़ताल की चेतावनी

 

दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर राज्यव्यापी हड़ताल पर रहेंगे राज्यभर के चिकित्सक

Ranchi: एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के डॉ कमलेश उरांव से बर्बरता पूर्वक मारपीट को लेकर चिकित्सकों में उबाल है. झारखंड आईएमए ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे में दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे राज्यव्यापी हड़ताल पर जाएंगे. आईएमए ने ऐलान किया है कि दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे राज्य के सरकारी और गैर सरकारी चिकित्सक सुबह छह बजे से हड़ताल पर रहेंगे. इस दौरान किसी तरह के मरीजों के नुकसान की जिम्मेवारी राज्य सरकार की होगी. आईएमए के सचिव डॉ प्रदीप ने कहा कि चिकित्सक का सिर फोड़ दिया गया है, घटना के दो दिन बीत गए हैं इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इससे चिकित्सकों में रोष है.

जमशेदपुर में गुरुवार को 12 बजे तक हड़ताल पर रहेंगे चिकित्सक

चिकित्सकों ने सवाल किया है कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर मौजूद सरकारी चिकित्सक के साथ मारपीट की घटना होती है, जिसका प्रशासन के पास वीडियो फुटेज है. बावजूद इसके दोषी व्यक्तियों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. यह प्रशासन की विफलता है. इसके विरोध में बुधवार को मेडिकल कॉलेज में एक मीटिंग हुई, जिसमें मेडिकल कॉलेज के छात्र संगठन के साथ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं झासा के सदस्यों ने भाग लिया. इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मेडिकल कॉलेज एवं जमशेदपुर शहर के सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पताल गुरुवार को दिन के 12:00 बजे तक हड़ताल पर रहेंगे (आकस्मिक सेवा को छोड़कर) राज्य भर के सभी प्राइवेट एवं सरकारी चिकित्सक एकजुट हैं.

जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने की घटना का निंदा

वहीं जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन रिम्स ने भी घटना की निंदा की है. जेडीए के अध्यक्ष डॉ जयदीप चौधरी ने कहा कि घटना में शामिल दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा और हड़ताल किया जाएगा. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही