Search

रांचीः बारिश-थंडरिंग बनी आफत, घंटों बिजली रही गुल

Ranchi: सोमवार को दोपहर बाद चली तेज हवा, थंडरिंग और बारिश बिजली आपूर्ति व्यवस्था के लिए आफत बन गई है. करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से सोमवार को तेज हवा चलने और वज्रपात के साथ मूसलाधार बारिश से रांची शहर की बिजली आपूर्ति चरमरा गई. थडरिंग होने दौरान एतिहातन सब स्टेशनों से बिजली बंद कर दी गयी. मगर मौसम खुलने के बाद देर शाम तक रांची के कई इलाकों में अंधेरा पसरा रहा.

पेड़ गिरने से हुआ लाइन ब्रेक डाउन

कई जगहों पर बिजली तार में पेड़ के डाल गिरने से ब्रेक डाउन की समस्या उत्पन्न हो गई. इसके कारण दर्जनों मोहल्लों में दो से तीन घंटे बिजली आूपर्ति ठप्प हो गई. इसके अलावा कई जगहों ट्रांसफार्मर में खराबी आने व फ्यूज उड़ने की समस्या काफी हुई. देर शाम तक रिमझिम बारिश होते रहने के कारण मरम्मत कार्य में दिक्कत हुई. इससे लोगों को घंटों बाधित बिजली आपूर्ति से रूबरू होना पड़ा. थंडरिंग के दौरान फीडरों से आधे से एक घंटे तक बिजली बंद कर दी गई थी. परंतु बारिश जब हल्की हुई तो सभी फीडरों को क्रमवार चालू किया गया. इसके बाद कई जगहों में बाधित बिजली आपूर्ति की समस्या मिलनी शुरू हो गई. जिसे देर शाम तक मरम्मत कर दुरुस्त किया गया.

कहां क्या-क्या हुआ

रांची वेस्ट डिवीजन : यहां वज्रपात के दौरान आधे से एक घंटे बिजली बंद रखी गई. इससे रातू चट्टी, मांडर, रातू रोड, इटकी, बेड़ो, चान्हो, बचरा, रातू रोड के इलाके प्रभावित रहे. न्यू कैपिटल डिवीजन : जज कॉलोनी समीप एलटी लाइन में पेड़ की डाल गिर गई थी. जिससे मरम्मत के कारण कांके रोड आसपास के इलाकों में दो घंटे से अधिक समय बिजली आपूर्ति ठप रही. वहीं, कांके इलाके में लोकल फॉल्ट के कारण घंटों बिजली नहीं रही. कोकर डिवीजन : थड़पकना, हैदर अली रोड सहित अन्य इलाकों में ट्रांसफार्मर में समस्या आई थी. जबकि कुछ जगहों में फ्यूज उड़ने व लोकल फॉल्ट के कारण बाधित बिजली आपूर्ति रही. यहां बारिश नहीं रुकने के कारण मरम्मत कार्य में विलंब हुआ और कई इलाकों में शाम तक अंधेरा पसरा रहा. डोरंडा डिवीजन : ब्रेक डाउन की समस्या आ गई थी. डोरंडा, हिनू में पेड़ की डाल बिजली तार में गिर गया था. इसके मरम्मत में घंटों लग गया और चार घंटे से ज्यादा देर शाम तक मरम्मत कार्य जारी रहा. इससे मणि टोला, फिरदौस नगर सहित आसपास के इलाके प्रभावित रहे. रांची सेंट्रल डिवीजन : ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने की समस्या बनी रही. जिसके कारण एक घंटे से ज्यादा समय के लिए कई मोहल्लों में बिजली बाधित रही. इससे कडरू, सरना टोली, पुल टोली सहित अन्य इलाके प्रभावित रहे. थोड़ी देर की बारिश से शहर जलमग्न पानी में घुसकर लोग सड़क पार करने को हुए मजबूर शहर में सोमवार कि शाम करीब आधे घंटे की बारिश के बाद सड़कों पर जगह-जगहर पानी भर गया. सड़कों की स्थिति ने नगर निगम के सभी दावों की पोल खोल कर रख दी. थोडे देर की बारिश के बाद शहर का प्रमुख इलाका अपर बाजार लगभग जल मग्न हो गया. लोगों को आने-जाने जाने के लिए 2 से 3 फीट तक नाले के पानी में घुसना पड़ा. अपर बाजार कि सड़क ही नाले की तरह बह रही थी. लोग किसी तरह अपने वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे थे. बता दें कि शाम के चार बजे ही आंधी, तूफान और तेज बारिश के कारण पूरे शहर में अंधेरा छा गया. एयरपोर्ट रोड और सेवा सदन हॉस्पिटल के सामने समेत कई इलाकों में तेज हवा के कारण पेड़ भी गिर गये. नगर निगम के द्वारा ठीक से नालियों की सफाई नहीं करने के कारण शहर के कई इलाकों में नालों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा. पानी जमने का नजारा हिंद पीढ़ी, आजाद बस्ती कांटा टोली, हरिजन बस्ती, लक्ष्मी नगर, रातू रोड समेत अन्य इलाकों में देखने को मिला.

अचानक होने लगी बारिश

मौसम विभाग ने पहले ही 18 मार्च को तेज हवा और तूफान के साथ बारिश होने का पूवार्नुमान लगाया था. दोपहर 4 बजे तक मौसम सामान्य रहा, लेकिन अचानक आंधी तूफान और बारिश होने लगी. तेज हवा और बारिश से कई दुकानों के साइन बोर्ड समेत सड़क पर रखे सामान उड़ गए. अचानक बारिश होने के कारण जिसको जहां जगह मिली वहीं बारिश से बचने के लिए आश्रय लेकर छुप गया. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp