Ranchi : रांची नगर निगम चुनाव में मेयर पद की प्रत्याशी रमा खलखो को निर्वाचन आयोग बेंच चुनाव चिह्न आवंटित किया है. सिंबॉल मिलने के बाद रमा खलखो ने इसे अपनी सामाजिक सोच, संघर्ष व जनसेवा के संकल्प से जोड़ते हुए जनता से समर्थन की अपील की.
रमा खलखो ने रांची की जनता को जोहार करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव शहर के विकास, स्वच्छता व नागरिक सुविधाओं से जुड़ा अहम लोकतांत्रिक अवसर है. उन्हें मिला बेंच चुनाव चिह्न उनकी कार्यशैली और जनता के साथ मिलकर शहर को आगे बढ़ाने की सोच का प्रतीक है.
बेंच को बताया शिक्षा व न्याय का प्रतीक
रमा खलखो ने कहा कि बेंच शिक्षा व न्याय दोनों का प्रतीक है. स्कूलों की बेंच बच्चों के भविष्य निर्माण से जुड़ी है, जबकि अदालत की बेंच न्याय व पारदर्शिता का संदेश देती है. उन्होंने मेयर बनने पर शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने व प्रशासन में पारदर्शिता लाने का भरोसा दिलाया. कहा कि गरीबों, आदिवासियों, महिलाओं व कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता रही है. उन्होंने दावा किया कि जनता का आशीर्वाद मिला, तो नगर निगम में सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के लिए काम किया जाएगा.
स्वच्छ शहर और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
उन्होंने अपने एजेंडे में स्वच्छ व हरित रांची, बेहतर कचरा प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण व हरित क्षेत्रों के विस्तार को प्रमुख बताया. साथ ही हर घर तक शुद्ध पेयजल, बेहतर सड़क व बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का वादा किया.
महिला-युवा सशक्तिकरण व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का संकल्प
रमा खलखो ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ाए जाएंगे. महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष काम किया जाएगा. उन्होंने नगर निगम में पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का संकल्प भी दोहराया. उन्होंने लोगों से चुनाव में समर्थन देने की अपील की, ताकि रांची को आदर्श शहर बनाया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Leave a Comment