- विद्यालय स्तर से शुरू होगी प्रतियोगिता
- चयनित विद्यार्थी सीआरसी व बीआरसी में लेंगे हिस्सा
- चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा का करेंगे प्रदर्शन
- दो लाख विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने की तैयारी
Ranchi News : ‘रांची स्पीक्स’ जिला स्तरीय प्रतियोगिता 12 और 13 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है. इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला शिक्षा अधीक्षक की अध्यक्षता में सभी प्रखंड नोडल शिक्षकों की बैठक हुई.
बैठक में आयोजन की रूपरेखा और विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई. साथ ही सभी प्रखंड नोडल शिक्षकों को प्रतियोगिता की तैयारियों को समय पर पूरा करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

नोडल शिक्षकों के साथ तैयारियों को लेकर चर्चा करते जिला शिक्षा अधीक्षक
‘रांची स्पीक्स’ प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय, सीआरसी, बीआरसी और जिला स्तर पर किया जाएगा. रांची जिले में करीब दो लाख विद्यार्थियों तक पहुंच रखने वाली इस पहल के तहत विद्यालय स्तर पर अधिक से अधिक बच्चों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. इसके लिए स्कूलों में प्रतियोगिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
विद्यालय स्तर की गतिविधियों में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को Completion Certificate भी दिया जाएगा. विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगे सीआरसी और बीआरसी स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे.
इन स्तरों पर चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. जिला शिक्षा अधीक्षक सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले बीआरसी स्तर के कार्यक्रमों में स्वयं शामिल होकर बच्चों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करेंगे.
गौरतलब है कि ‘रांची स्पीक्स’ पहल के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं. इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रभावी ढंग से रखने का अवसर दिया जा रहा है. इसका उद्देश्य बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता को निखारना और उन्हें सार्वजनिक मंच पर अपने विचारों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करना है.