Ranchi News : राजधानी समेत पूरे झारखंड में बीते 22 सितंबर से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. आज शुक्रवार को भी रांची में सुबह से तेज आंधी और बारिश हो रही है. इस बीच डोरंडा चौक स्थित एजी मोड़ के पास संत जेवियर स्कूल की अचानक चलती बस पर एक पेड़ गिर गया.
घटना के वक्त बस में करीब 40 बच्चे सवार थे. हालांकि इस हादसे में किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं. (झारखंड से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
जानकारी के अनुसार, डोरंडा स्थित संत जेवियर स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान एजी मोड़ के पास तेज आंधी के कारण सड़क किनारे लगा पेड़ अचानक बस के ऊपर जा गिरा. पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस के ऊपर से पेड़ हटाने में मदद की. राहत की बात रही कि पेड़ गिरने के बावजूद बस में सवार किसी भी बच्चे या स्टाफ को चोट नहीं आई.स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से पेड़ हटाने का काम शुरू कराया, ताकि यातायात को सुचारू किया जा सके.