Search

RCP सिंह ने बनायी नई पार्टी, 'आप सब की आवाज' रखा नाम

आरसीपी सिंह की पार्टी का झंडे आयताकार होगा और इसमें तीन रंग होंगे Patna :  बिहार में 2025 में विधानसभा चुनाव होना है. सभी राजनीतिक पार्टियां अभी से चुनाव की तैयारी में लगे हैं. चुनाव से पहले  पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने दीपावली के शुभ अवसर पर अपनी नयी पार्टी की घोषणा की. उन्होंने पार्टी का नाम `आप सब की आवाज` रखा है. आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी के नाम का शॉर्ट में मतलब आशा बताया. आरसीपी सिंह की पार्टी का झंडे आयताकार होगा और इसमें तीन रंग होंगे. सबसे ऊपर हरा रंग होगा, बीच में पीला रंग होगा और सबसे नीचे नीला होगा.  बीच में जो पीला रंग है, उसी में जब चुनाव आयोग हमें चिन्ह देगा तो वह बीच में काले रंग में अंकित होगा.

आरसीपी सिंह का दावा, हमारी पार्टी का संविधान अन्य पार्टियों से होगा अलग 

सीएम नीतीश कुमार के करीबी रहे आरसीपी सिंह ने पटना में एक प्रेस वार्ता कर कहा कि आज दीपावली है और दीप जलाया जाता है. यह दीप घरों को तो रोशन करता ही है, यह दीप आशा भी जगाता है. इसलिए, मैंने अपनी पार्टी का जो नाम रखा है, शॉर्ट में नाम ही आशा है. इसके फुल फॉर्म में पार्टी का नाम `आप सब की आवाज` है. उन्होंने दावा किया कि हमारी पार्टी का संविधान अन्य पार्टियों से अलग होगा. भारतीय संविधान के प्रति शपथ लेनी होती है, जो भारतीय संविधान की मूल भावना है देश की एकता, अखंडता है. संविधान में जितनी महत्वपूर्ण भावनाएं हैं, जो सिद्धांत हैं, उसे हम लोगों ने अपनी पार्टी के संविधान में शामिल किया है.

243 में से 140 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी आरसीपी सिंह की पार्टी 

आरसीपी सिंह ने कहा कि 2025 का जो विधानसभा चुनाव होगा, उसमें हमारे साथी जो मजबूती से लड़ना चाहते हैं, वह चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 140 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. बिहार में 2016 से शराबबंदी हुई है, फिर भी आज-कल पूरे बिहार में लोग अलग-अलग तरह से नशा कर रहे हैं. शराबबंदी से सरकार को हजारों करोड़ का नुकसान होता है. आरसीपी सिंह आईएएस अधिकारी रहे हैं. उनका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से काफी करीबी रिश्ता था. वह केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री भी रहे. हालांकि, बाद में नीतीश कुमार से मनमुटाव के बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की थी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp