Ranchi : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री-नीट (UG) 2026 का परिणाम जारी कर दिया है. 21 जून 2026 को आयोजित परीक्षा में 22,79,743 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 19,99,895 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. इनमें से 11,21,185 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की. परीक्षा देश के 551 शहरों और 14 विदेशी शहरों के 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गयी.
इस बार झारखंड के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. सुहर्ष कुमार गुप्ता ने 99.97 पर्सेंटाइल और AIR 455 हासिल कर राज्य टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. वहीं रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने 99.96 पर्सेंटाइल के साथ AIR 676 हासिल की. इसके अलावा अक्षत प्रेम (AIR 2034), शाकिब अहमद (AIR 2282), मयंक कुमार (AIR 3211), वैष्णवी राज (AIR 3905) और सर्वजीत (AIR 4271) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. जेवीएम श्यामली के छात्रों की सफलता से विद्यालय और राज्य में खुशी का माहौल है.
राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया. इस वर्ष 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक और 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए.
परिणामों में छात्राओं का दबदबा कायम रहा. 6,54,049 छात्राएं और 4,67,134 छात्र सफल हुए. कुल सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं. छात्राओं का सफलता प्रतिशत 56.8%, जबकि छात्रों का 55.1% रहा.
श्रेणीवार परिणामों में OBC-NCL के 5.12 लाख, सामान्य वर्ग के 2.91 लाख, SC के 1.59 लाख, ST के 63,716 और EWS के 95,026 अभ्यर्थी सफल हुए. राज्यवार प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक 1,70,770 अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि झारखंड से 19,039 उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की. लक्षद्वीप से भी 43 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की.
NTA ने स्पष्ट किया है कि उसकी भूमिका केवल परीक्षा आयोजित करने, परिणाम घोषित करने और ऑल इंडिया रैंक (AIR) जारी करने तक सीमित है. मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य प्राधिकरणों द्वारा कराई जाएगी.
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को फर्जी कॉल, मैसेज, वेबसाइट और पैसे लेकर सीट दिलाने या अंक बढ़ाने का दावा करने वाले ठगों से सावधान रहने की सलाह दी है. उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड और अन्य जानकारी neet.nta.nic.in पर देख सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment