Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रामगढ़ जिले की 6 खास खबरें पढ़ें एक साथ

पहली खबर

उपायुक्त ने सुनी जनता की समस्याएं

सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने अपने कार्यालय कक्ष में जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिलने आए लोगों से मुलाकात की. इस दौरान लोगों ने भूमि, रोजगार, विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं के लाभ सहित अपनी विभिन्न समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया. जिसके उपरांत उपायुक्त ने मामलों के निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

दूसरी खबर

झारखंड गुड समय रिटर्न योजना की दी गई जानकारी

सोमवार को रोड सेफ्टी रामगढ़ की टीम के द्वारा छावनी परिषद विद्यालय से जागरूकता कार्यक्रम करने के बाद टीम रांची रोड की तरफ जा रही थी. तभी देखा कि एक कार चालक ने दो बाइक सवार व्यक्ति को धक्का मारकर जख्मी कर दिया.सहायता के अभाव में वे लोग सड़क पर गिरे हुए थे. जिसके उपरांत सड़क सुरक्षा प्रबंधक रामगढ़ विकी आनंद व सड़क अभियंत्रिकी विश्लेषक ऋषि कांत ने लोगों की सहायता से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया एवं दोषी चालक पर कार्रवाई करने हेतु रामगढ़ प्रभारी को सूचित कर दिया. इस दौरान विकी आनंद वहां मौजूद लोगों को गुड समेरिटयन स्कीम के बारे में बताया जिसके तहत किसी भी दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाने पर सहायता करने वाले व्यक्ति को गुड समेरिटियन योजना के तहत राज्य सरकार के द्वारा ₹2000 व केंद्र सरकार के द्वारा ₹5000 एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान की जाती है. वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी सौरव प्रसाद ने इस कार्य की सराहना की एवं भविष्य में भी लोगों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया.

तीसरी खबर

जिले में चल रहे विकास कार्यों की उप विकास आयुक्त ने की समीक्षा

सोमवार को समाहरणालय रामगढ़ के ब्लॉक बी स्थित सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त रामगढ़ नागेंद्र कुमार सिन्हा ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की. समीक्षा के दौरान सर्वप्रथम उप विकास आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर आवास योजना अंतर्गत वितीय वर्ष 2022-23 में लक्ष्य के अनुरूप स्वीकृति, प्रथम क़िस्त का भुगतान, आवास पूर्णता, अंतिम किस्त का भुगतान एवं लंबित आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने सभी पूर्ण एवं संचालित योजनाओं से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया. समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने मनरेगा के तहत सृजित मानव दिवस का प्रखंडवार जायजा लिया और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कार्यों को गंभीरता से लेने एवं यथाशीघ्र कार्य सम्पन्न कराने का निर्देश दिया. मिशन अमृत सरोवर की समीक्षा के दौरान श्री सिन्हा ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध शीघ्र कार्य प्रारंभ करने एवं उन्हें पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने रिजेक्टेड ट्रांजैक्शन, जॉब कार्ड वेरिफिकेशन, आधार सीडिंग, वीर शाहिद पोटो हो खेल विकास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, कूप निर्माण, डोभा निर्माण को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया.

चौथी खबर 

डीएवी रजरप्पा के पूर्व प्राचार्य को दी गई ससम्मान विदाई

सीसीएल रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल रजरप्पा के सेवानिवृत्त प्राचार्य हिमांशु कुमार झा को ससम्मान विदाई दी गई. डीएवी विद्यालय प्राचार्य बीपी रॉय ने अवकाश प्राप्त प्राचार्य एचके झा एवं उनकी धर्मपत्नी को पुष्पगुच्छ से स्वागत किया, तथा शॉल ओढ़ाकर विदाई दी. उन्होंने बताया कि डीएवी रजरप्पा में झा का सेवाकाल 12 दिसंबर 2012 से 31 मार्च 2023 तक रहा. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय शिक्षक सत्यकाम आर्य और शिक्षक समूह ने विदाई गीत गाकर पूर्व प्राचार्य के प्रति अपनी भावना व्यक्त की. इसके अलावा डॉ. आर. विश्वकर्मा, गजेंद्र कुमार और जूनियर विंग की प्रभारी निशारानी किंडो आदि ने उनके सम्मान में अपने भावपूर्ण उद्गार व्यक्त किए. पूर्व प्राचार्य एचके झा ने डीएवी रजरप्पा में बिताए 10 वर्षों के अनुभव को भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया. उन्होंने कहा इस विद्यालय में मेरा 10 वर्ष बड़ी प्रसन्नता पूर्वक बिता और यहां के शिक्षकों का अपार प्यार और सहयोग मिला.

पांचवी खबर

सांसद को पत्र लिख भुरकुंडा में केवि खोलने की दिशा में पहल की मांग

कोल माइंस वर्कर्स यूनियन के बरका-सयाल क्षेत्रीय सचिव सह ऑल झारखंड रैयत विस्थापित प्रभावित मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ आशीष कुमार ने हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा को पत्र लिख भुरकुंडा में ही केंदीय विद्यालय खोलने की दिशा में पहल करने की मांग की है. पत्र में कहा है कि सीसीएल सीएमडी से एनओसी दिलाकर पूर्व केवि भवन को ध्वस्त कर नया भवन का निर्माण कराया जाए. डाॅ. आशीष कुमार ने कहा है कि वर्तमान में उक्त जर्जर भवन अपराधियों का अड्डा बना हुआ है. यहां स्कूल खुल जाने से अपराध में भी कमी आएगी. पत्र में यह भी कहा है कि पिछले 15 वर्षों से जमीन का बहाना बनाकर सरकार विद्यालय को भुरकुंडा में स्थापित नहीं कर पा रही है. इसलिए पुराने भवन में ही केवि को पुनः खोला जाए. डाॅ कुमार ने कहा है कि कोयलांचल में प्राइवेट विद्यालय द्वारा शुल्क के नाम पर विद्यार्थियों व अभिभावकों से मनमानी पैसा वसूल रहे हैं. जिसके कारण गरीब परिवार के बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ने का बाध्य हैं. लेकिन इन स्कूलों में सीबीएसई की व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा है कि केवि भुरकुंडा में खुल जाने से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को बेहतर शिक्षा साधारण शुल्क में मिलने लगेगी. पत्र की प्रतिलिपि सीसीएल के सीएमडी, मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, रामगढ़ जिला उपायुक्त आदि को भी प्रेषित की है.

छठी खबर 

रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को सौंपा मांग-पत्र

भुरकुंडा बाजार के आंतरिक हिस्सों में सुरक्षा, सुविधा एवं रख-रखाव को ले सोमवार को रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधि मंडल ने स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा. सौंपे गये मांग पत्र में कहा गया है कि भुरकुंडा बाजार के आंतरिक हिस्सों में बने पीसीसी रोड काफी जर्जर हो चुके हैं. जिसका व्यवसायिक कुप्रभाव बाजार व्यवसाय पर पड़ रहा है. बरसात के दिनों में नाली नहीं रहने के कारण अंदर जाने वाली मार्ग की स्थिति काफी नारकीय हो जाती है, जिसके कारण बाजार में खरीदारी करने जाने से क्रेता कतराते हैं. मांग पत्र में कहा गया है कि सीसीएल के द्वारा बनाया गया शौचालय दैनिक रख-रखाव के अभाव में ध्वस्त हो चुका है. अतः उसका नवीनीकरण दैनिक रख-रखाव के साथ कराना बहुत ही आवश्यक है. सुरक्षा के मद्देनजर बाजार के आंतरिक हिस्सों में प्रकाश की काफी कमी है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसका समाधान के साथ-साथ मानवहित में एक सार्वजनिक पेयजल स्थल का होना बहुत जरूरी है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही