Ranchi: जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (DLSA), रांची ने स्थायी लोक अदालत में सदस्य के एक पद के लिए आवेदन मांगे हैं. इसके लिए योग्य उम्मीदवार 18 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.
इस पद के लिए ऐसे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें जन उपयोगी सेवाओं का पर्याप्त अनुभव हो. इसमें परिवहन, डाक, टेलीफोन, बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था, अस्पताल, बैंकिंग, शिक्षा, हाउसिंग और रियल एस्टेट जैसी सेवाएं शामिल हैं.
चयनित सदस्य को हर बैठक के लिए 2,500 रुपये मानदेय दिया जाएगा. इसके अलावा नियम के अनुसार वाहन भत्ता भी मिलेगा. नियुक्ति पांच साल या 65 वर्ष की उम्र तक रहेगी. इनमें से जो पहले पूरा होगा, उसी के आधार पर कार्यकाल समाप्त होगा.
आवेदन निर्धारित प्रारूप में करना होगा. आवेदन के साथ हाल का पासपोर्ट साइज फोटो और दो स्व-पता लिखे लिफाफे लगाने होंगे. दोनों लिफाफों पर 55-55 रुपये के डाक टिकट लगे होने चाहिए.
आवेदन अध्यक्ष, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण, व्यवहार न्यायालय, रांची - 834001 के पते पर स्पीड पोस्ट या कूरियर से भेजना होगा. आवेदन 18 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक पहुंच जाना जरूरी है.
आवेदन फॉर्म रांची सिविल कोर्ट की वेबसाइट ranchi.dcourts.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है. फॉर्म DLSA रांची के फ्रंट ऑफिस से भी लिया जा सकता है. अधिक जानकारी के लिए dlsaranchi@gmail.com पर ईमेल किया जा सकता है.