Ranchi : झारखंड स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी (JRHMS) के तहत झारखंड राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) के 1038 बैकलॉग पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के तहत एक साल के लिए नियुक्ति की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 25 हजार रुपये मानदेय मिलेगा.
कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पद के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी. आवेदन देने की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थी JRHMS की आधिकारिक वेबसाइट jrhms.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन दे सकते हैं.
शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ इंटीग्रेटेड सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन कम्युनिटी हेल्थ (CCH) की निर्धारित योग्यता भी जरूरी है.
अभ्यर्थियों का चयन बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर किया जाएगा. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता, आवश्यक प्रमाणपत्र और अन्य शर्तों की जांच कर लेनी चाहिए.
श्रेणीवार पदों की संख्या
| श्रेणी | पदों की संख्या |
| अनुसूचित जनजाति (ST) | 563 |
| अनुसूचित जाति (SC) | 203 |
| आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) | 132 |
| अत्यंत पिछड़ा वर्ग (BC-I) | 81 |
| पिछड़ा वर्ग (BC-II) | 59 |
| अनारक्षित (UR) | 0 |
| कुल | 1038 |