Dhanbad News : दुर्गा पूजा, दीपावली व छठ महापर्व पर अपने घर जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. यात्रियों की सुविधा के लिए पहले से चल रहीं चार स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी गई है.
पटना-इसलामपुर स्पेशल के 26 फेरे बढ़े
गाड़ी संख्या 03297/03298 पटना-इसलामपुर-पटना स्पेशल ट्रेन के 26 फेरों का विस्तार किया गया है. यह ट्रेन फतुहा के रास्ते पटना और इसलामपुर के बीच सप्ताह में तीन दिन चलेगी. पटना-इसलामपुर स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार व रविवार को चलेगी. वहीं, इसलामपुर-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को चलेगी.
राघोपुर-देवघर स्पेशल अब 30 नवंबर तक
गाड़ी संख्या 05573/05574 राघोपुर-देवघर-राघोपुर स्पेशल के परिचालन में 61 फेरों का विस्तार किया गया है. यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका के रास्ते चलेगी. अब यह स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन राघोपुर व देवघर के बीच चलेगी.
पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल के 32 फेरे बढ़े
गाड़ी संख्या 03216/03215 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन के 32 फेरों का विस्तार किया गया है. यह ट्रेन हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, मानसी, सहरसा, दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते चलेगी. 03216 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी. वहीं, 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल 19 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक गुरुवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन परिचालित होगी.
रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल के 18 फेरे बढ़े
गाड़ी संख्या 05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल के परिचालन में 18 फेरों का विस्तार किया गया है. सिकटा के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को रक्सौल एवं नरकटियागंज के बीच परिचालित होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.