Lagatar Desk-कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने कहा है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस ने उनकी फ़ोटो प्रदर्शनी से विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाने के लिए मजबूर किया. इसके बाद रेहान के पिता रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रदर्शनी शुरू होने से महज़ दो घंटे पहले तस्वीरें हटाने के लिए काफ़ी दबाव बनाया गया.
रॉबर्ट वाड्रा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “तस्वीरें हटाने का काफ़ी दबाव था, ये सब प्रदर्शनी शुरू होने से सिर्फ़ दो घंटे पहले हुआ. यह हैरान करने वाला था, क्योंकि अधिकारियों को एक हफ़्ते पहले ही पीडीएफ़ फ़ाइल मिल गई थी और उन्हें प्रदर्शनी के बारे में बता दिया गया था."
रॉबर्ट वाड्रा ने यह भी कहा, "बीकानेर हाउस राजस्थान सरकार के अधीन आता है. मैं सिर्फ़ इतना कह सकता हूं कि अगर हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, तो राजनीति को कला और रचनात्मक काम से जोड़ने का कोई मतलब नहीं है. हर किसी को अपनी बात रखने की आज़ादी मिलनी चाहिए.”
प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा फ़ोटोग्राफ़र हैं. बीकानेर हाउस में 'नो आइडिया इज़' फ़ाइनल शीर्षक से उनकी तस्वीरों की प्रदर्शनी लगी है जो बुधवार शाम से शुरू होने वाली थी. रेहान वाड्रा ने कहा कि बुधवार की शाम 3.30 बजे उन्हें बताया गया कि अगर वो शाम पाँच बजे तक तस्वीरें नहीं हटाते तो उनकी फ़ोटो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी. हालांकि, रेहान ने इन तस्वीरों को प्रदर्शनी से हटाने से इनकार किया है और अब उनके कलेक्शन की आंशिक तस्वीरें ही दिखाई जाएंगी.
कौन सी तस्वीरें लगाई गई थीं
रेहान वाड्रा ने दिल्ली में हुए जेन ज़ी प्रोटेस्ट की तस्वीरों को अपनी प्रदर्शनी में शामिल किया था. रेहान वाड्रा ने इस बारे में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करके कहा कि जिन तस्वीरों को हटाने के लिए कहा गया उनमें दो तस्वीरें भारत के राष्ट्रीय झंडे वाली तस्वीरें भी हैं. तस्वीरें हटाने को लेकर रेहान ने बुधवार को इंस्टाग्राम पोस्ट करके बताया था, "बीकानेर हाउस के मैनेजमेंट ने मुझे अपनी प्रदर्शनी में लगी ज़्यादातर कलाकृतियां हटाने के लिए मजबूर किया. मेरी प्रदर्शनी "नो आइडिया इज़ फाइनल" आज (बुधवार) शाम 7 बजे शुरू होने वाली है." रेहान ने यह भी कहा, "फ़िलहाल प्रदर्शनी आंशिक रूप से जारी रहेगी, लेकिन मैं कोई दूसरी जगह तलाशूंगा और विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरों का पूरा संग्रह वहां प्रदर्शित करूंगा."
प्रियंका बोलीं- तुम पर गर्व है
प्रियंका गांधी ने इस मसले पर सरकार के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं और अपने बेटे के साथ खड़े रहने की बात कही है. वहीं कांग्रेस ने आर्ट पर सेंसरशिप लगाए जाने का आरोप लगाया है. प्रियंका गांधी ने एक्स पर प्रदर्शनी की तस्वीरें साझा करते हुए एक पोस्ट किया. इसमें उन्होंने लिखा, "जब ताक़तवर व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे एहसास नहीं होता, लेकिन वह उस ताक़त को पहले ही खो चुका होता है, जिसे बचाने की वह कोशिश कर रहा होता है. आप सच के लिए खड़े रहते हैं और ख़ूबसूरत चीज़ें ख़ुद-ब-ख़ुद आप तक पहुँचने का रास्ता ढूंढ लेती हैं. मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा."
रेहान के समर्थन में कांग्रेस भी उतरी
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि सेंसरशिप से तिरंगा भी सुरक्षित है. उन्होंने लिखा, "शायद समस्या आर्ट में नहीं, सरकार में है." उन्होंने प्रदर्शनी में ख़ाली जगह की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "रेहान वाड्रा की कला प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज़ फाइनल' शुरू होने से कुछ घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रशासन ने उनकी 74 कलाकृतियां हटवा दीं. यह प्रदर्शनी का लगभग आधा हिस्सा था." उन्होंने कहा,"इन्हें 'राजनीतिक' बताकर हटाया गया. इन तस्वीरों में सिर्फ़ विरोध प्रदर्शनों को दर्ज किया गया था. इनमें से एक भी तस्वीर अपमानजनक या भड़काऊ नहीं थी. तो आख़िर इसमें आपत्तिजनक क्या था?"