Dhanbad: सावन का पावन महीना भगवान शिव की भक्ति, आस्था और समर्पण का प्रतीक माना जाता है. धनबाद की 60 वर्षीय रेणु देवी इसी अटूट श्रद्धा की जीवंत मिसाल हैं. बीते 28 वर्षों से रेणु देवी सावन के प्रत्येक सोमवार डाक बम बनकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचती हैं और जलाभिषेक करती हैं. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका जोश, संकल्प और भक्ति युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया हैं.
इसे भी पढ़ें:
रेणु देवी ने बताया कि वर्ष 1998 में उन्होंने पहली बार सावन के हर सोमवार डाक बम बनकर बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पित करने का संकल्प लिया था. तब से लेकर आज तक इस परंपरा को निभाया है. उन्होंने कहा कि जब तक बाबा भोलेनाथ की कृपा और बुलावा रहेगा तब तक उनकी यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी.

डाक बम रेणु देवी
उन्होंने कहा कि जैसे ही वह डाक बम की वेशभूषा धारण करती हैं उनके भीतर एक नई ऊर्जा का संचार होने लगता है. कठिन और लंबी यात्रा के बावजूद उन्हें न थकान महसूस होती है और न ही किसी प्रकार की पीड़ा. इस आध्यात्मिक यात्रा में उनका पूरा जत्था भी साथ चलता है जो हर कदम पर उनका सहयोग करता है.
अपनी मनोकामना के बारे में पूछे जाने पर रेणु देवी भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि बाबा ने मुझे अपना भक्त बनाया यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद है.उन्होंने बताया कि उनका परिवार सुखी और स्वस्थ है इसलिए उन्हें अपने लिए बाबा से कुछ नहीं चाहिए. उनकी एकमात्र प्रार्थना है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे और हर परिवार सुख, शांति एवं समृद्धि के साथ अपना जीवन व्यतीत करे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment