- रोहिणी के अवसरवादी चेहरे वाले बयान से मचा सियासी बवाल
- रोहिणी के बयान को BJP ने बनाया हथियार
Bihar News : बिहार में विधान परिषद चुनाव के लिए आरजेडी की ओर से प्रत्याशियों के नाम घोषित करने के बाद पार्टी के अंदर ही विरोध के सुर सुनाई देने लगे हैं. लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने टिकट बंटवारे को लेकर सवाल उठाते हुए पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा है.
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वैचारिक निष्ठा और लंबे संघर्ष को दरकिनार कर चुनाव से ठीक पहले आए अवसरवादी चेहरों को प्राथमिकता देना समर्पित नेताओं- कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का घोर अनादर है.
वैचारिक निष्ठा और लंबे संघर्ष को दरकिनार कर ऐन चुनाव (विधान परिषद चुनाव ) से पहले आए अवसरवादी चेहरों को प्राथमिकता देना समर्पित नेताओं - कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का घोर अनादर है। दशकों तक लाठियां खाकर पार्टी और संगठन को सींचने वाले नेताओं को दरकिनार करना राजद के आंतरिक लोकतंत्र…
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) September 12, 2026
रोहिणी ने कहा कि जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक लाठियां खाकर पार्टी और संगठन को सींचा, उन्हें दरकिनार करना राजद के आंतरिक लोकतंत्र और जमीनी कैडर के प्रति उदासीनता को दर्शाता है.
रोहिणी आचार्य ने यह भी कहा कि ऐसा फैसला लंबे समय से पार्टी के साथ खड़े रहे लालू समर्थकों के साथ विश्वासघात है. उन्होंने इसे लालू प्रसाद की विचारधारा और पार्टी के मूल सिद्धांतों के लिए भी नुकसानदायक बताया.
BJP ने भी RJD पर साधा निशाना
रोहिणी आचार्य के बयान के बाद भाजपा ने भी राजद पर हमला तेज कर दिया है. राजद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि रोहिणी के बयान से साफ है कि पार्टी के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है.
#WATCH | पटना, बिहार | भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने रोहिणी आचार्य के ट्वीट पर कहा, "राजद में अब सब कुछ ठीक नहीं है। पार्टी की जो दुर्गति हुई है, इसके लिए वहां कौन-कौन जिम्मेदार हैं, सभी को पता है। इसके बाद भी नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव बाज नहीं आ रहे हैं। पार्टी अब बचने वाली… pic.twitter.com/TjhSX2GWBk
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 12, 2026
उन्होंने दावा किया कि राजद में अलग-अलग गुटों के बीच मतभेद हैं और अब पार्टी के नेता ही एक-दूसरे के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं. मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राजद लगातार कमजोर हो रहा है और आने वाले समय में पार्टी के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है.
उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की खराब स्थिति के लिए जिम्मेदार लोगों की जानकारी होने के बावजूद तेजस्वी ऐसे नेताओं से घिरे हुए हैं, जो उन्हें जमीनी हकीकत से दूर रख रहे हैं.
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि रोहिणी आचार्य का खेमा हो या पार्टी का कोई दूसरा गुट, अब राजद के अंदर से ही सवाल उठने लगे हैं. उनके मुताबिक, तेजस्वी यादव के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें सही तस्वीर देखने से रोक रखा है.
RJD ने छह उम्मीदवारों के नाम किए घोषित
दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए राजद ने शिक्षक और स्नातक कोटे की छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. पटना शिक्षक सीट से परबत्ता के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार सिंह को टिकट दिया गया है. वह विधानसभा चुनाव से पहले जदयू छोड़कर राजद में शामिल हुए थे.
पटना स्नातक सीट से दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा कोसी स्नातक सीट से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक सीट से अनिल कुमार झा, तिरहुत शिक्षक सीट से डॉ. रश्मि विनायक गौतम और सारण शिक्षक सीट से प्रो. जयराम यादव को प्रत्याशी बनाया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें