Lagatar Desk : बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर चाचा यानी नीतीश कुमार को पार्टी में आने का ऑफर दिया है. एक तरफ जहां उन्होंने नीतीश कुमार को परिवार का हिस्सा बताते हुए उनके लिए दिल के दरवाजे खुले होने की बात कही. वहीं दूसरी तरफ सम्राट चौधरी की सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है.
चाचा को शामिल करने का अंतिम फैसला पार्टी के हाथ में
एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के साथ गोपालगंज पहुंचीं रोहिणी आचार्य ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिहार की राजनीति पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने नीतीश को चाचा बताते हुए कहा है कि अपनों के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला रहता है. अब ये चाचा को तय करना है कि वो क्या करेंगे.
हालांकि रोहिणी ने यह भी कहा कि चाचा को आरजेडी में शामिल करने का अंतिम फैसला पार्टी के हाथ में है. राजद के वरिष्ठ नेता बैठकर यह तय करेंगे. उन्होंने नीतीश चाचा के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
दूध में पड़ी मक्खी की तरह भाजपा दोनों को निकाल देगी
रोहिणी आचार्य ने सम्राट सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस शासन में नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को अपमानित होना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह लालू परिवार ने हमेशा नीतीश कुमार को मान-सम्मान दिया, वैसा ही सम्मान सम्राट चौधरी को भी देना चाहिए.
बीजेपी पर निशाना साधते हुए रोहिणी ने कहा कि भाजपा दूध में पड़ी मक्खी की तरह पिता-पुत्र दोनों को सत्ता से निकाल बाहर करेगी. अब यह चाचा को तय करना है कि वो आगे क्या करेंगे. रोहिणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर बार की तरह इस बार भी झूठे वादे करके लौट जाएंगे.