Search

धनबाद में आरटी-पीसीआर जांच बंद, कैसे निपटेंगे कोरोना से

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) एसएनएमएमसीएच के माइक्रोबायलॉजी लैब में इन दिनों आरटी-पीसीआर जांच बंद कर दी गई है. कारण लैब में जांच संबंधी संसाधनों की कमी और राज्य सरकार का रवैया बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार कोरोना काल में रांची और जमशेदपुर के बाद धनबाद के एसएनएमएमसीएच में आरटी-पीसीआर जांच की शुरुआत की गई थी. धनबाद सहित आसपास के कई जिलों के संक्रमित मरीजों के सैम्पल की जांच होती थी. परंतु अब संसाधनों की कमी के कारण यह जांच बंद कर दी गई है. एक तरफ कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार तमाम जिलों में मॉक ड्रिल कर अस्पतालों को संसाधनों से लैस दिखाने में जुटी है. ऑक्सीजन प्लांट की जांच हो रही है. ऐसी नाजुक स्थिति में धनबाद में आरटी-पीसीआर जांच बंद होने से मरीजों व आम लोगों के बीच निराशा फैल सकती है.

   सरकार की बेरुखी से न फंड मिला, न संसाधन

कोरोना के मामले में आरटी-पीसीआर जांच को सबसे विश्वसनीय माना जाता है. परंतु डेढ़ वर्ष से राज्य सरकार ने जांच संबंधी संसाधन या फंड उपलब्ध नहीं कराया. माइक्रोबायोलॉजी लैब में लगी ऑटोमेटिक मशीनें भी बंद कर दी गई हैं. माइक्रोबायोलॉजी लैब विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ सुजीत तिवारी बताते हैं कि ऑटोमेटिक मशीनों को नए  रीएजेंट की जरूरत है. परंतुन डेढ़ साल बाद भी राज्य सरकार की ओर से न तो नए रीएजेंट की व्यवस्था की गई और न ही फंड का आवंटन किया गया. फलस्वरूप विवश होकर लैब में आरटी पीसीआर जांच बंद कर दी गई है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक, धनबाद उपायुक्त, एसएनएमएमसीएच के प्राचार्य और सिविल सर्जन को भी पत्र भेजकर जानकारी दी गई है.

  माइक्रोबायोलॉजी लैब में इन चीजों की कमी

एसएनएमएमसीएच माइक्रोबायोलॉजी लैब में आरटी-पीसीआर जांच तथा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए काम मे आने वाले मास्क, हैंड ग्लव्स, टिशु पेपर, जांच में प्रयुक्त होने वाले नए रिएजेंट ( केमिकल ) समेत लगभग 16 से अधिक सामग्री की किल्लत है.

   क्या कहते हैं जिम्मेदार

सिविल सर्जन आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि धनबाद में एक कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है. ऐसे में आरटी-पीसीआर जांच बेहद जरूरी है. विभाग को लिखा गया है. जल्द ही किट समेत अन्य सामग्री की खरीदारी कर जांच प्रारंभ कर दी जाएगी. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp