सत्ता पक्ष व विपक्ष के विधायकों के हंगामा के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित Ranchi : झारखंड विधानसभा बजट सत्र के सातवें दिन दुमका में स्पेन की महिला से सामूहिक दुष्कर्म और पीएम के बयान पर चर्चा करने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा किया. 12.04 में दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो भाजपा के विधायक दुमका में स्पेन की महिला से सामूहिक दुष्कर्म को लेकर हंगामा करते हुए वेल में आ गये. वहीं सुदिव्य सोनू ने प्रधानमंत्री के बयान पर सदन में विशेष चर्चा कराने की मांग की. इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक वेल में नारेबाजी करने लगे. हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी. इससे पहले जब विधानसभा की कार्यवाही 11 बजकर 9 मिनट पर शुरू हुई तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों का हंगामा शुरू हो गया था. हंगामे के बीच विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धनबाद आये थे. वहां वे पंचायत स्तर के नेता की तरह झारखंडवासियों को गाली देकर चले गये. इसपर सदन में चर्चा होना चाहिए. इसके बाद कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला वेल में आ गये थे. बीजेपी के भी विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे थे. हंगामे के कारण स्पीकर रविंद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी. [wpse_comments_template]
झारखंड विस : दुमका में स्पेन की महिला से दुष्कर्म और पीएम के बयान पर चर्चा को लेकर सदन में सत्ता पक्ष व विपक्ष का हंगामा
Last Updated: Mar 02, 2024 12:00 AM (IST)