Lagatar Desk: इडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के उस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने है, जिसमें सैम ने कहा है कि पीएम मोदी उनके दोस्त हैं और दोनों के बीच कोई मतभेद नहीं है.
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में सैम पित्रोदा ने कहा कि पीएम मोदी उनके दोस्त हैं और दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है. उन्होंने कहा, "वह मेरे एक गुजराती दोस्त हैं. एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं. मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं. व्यक्तिगत रूप से वह बेहद स्नेहपूर्ण, दयालु और ख़्याल रखने वाले रहे हैं. वह अच्छे वक्ता हैं और कड़ी मेहनत करते हैं. हमारे बीच अच्छी बनती है. कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है."
सैम पित्रोदा ने आगे कहा, "एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के रूप में मुझे पीएम मोदी से कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने हमेशा मेरे प्रति स्नेह दिखाया है और मैं इसकी क़द्र करता हूं. मैं गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं."
हालांकि, पित्रोदा ने वैचारिक मतभेद की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें पीएम मोदी की विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन इससे उनके व्यक्तिगत रिश्तों पर असर नहीं पड़ता. उन्होंने कहा, "वह पीएम मोदी से असहमत होने के बावजूद उनके साथ बैठकर खाना खा सकते हैं और हंसी-मज़ाक कर सकते हैं."
सैम पित्रोदा के इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "सैम भाई, आपको और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं. आने वाले वर्ष में सुख, स्वास्थ्य और आनंद के लिए प्रार्थना करता हूं. जय जगन्नाथ!"