Search

 
 
 

तेजस्वी ने योगी पर साधा निशाना, किसी प्रदेश का सीएम जब विध्वंसकारी नारे लगाये तो समझों वह...

 
संभल की घटना दुखकारी और संविधान की मूल भावना के खिलाफ : तेजस्वी Patna :  राजद नेता और बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने यूपी के संभल की घटना को अत्यंत दुखकारी बताया है. साथ ही उन्होंने संभल हिंसा को संविधान की मूल भावना के खिलाफ कहा है. तेजस्वी यादव ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाने साधते हुए कहा कि जब किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री `बंटोगे तो कटोगे` जैसे विध्वंसकारी नारे देने लगे तो समझों वह संवैधानिक कर्तव्यों, राजधर्म और हिंदुस्तान की आत्मा से पूर्णरूपेण (पूरी तरह) विमुख हो चुका है. तेजस्वी ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि निर्दोष युवाओं को पुलिस द्वारा मारा जाना और सत्ता इन मौतों पर अट्टहास लगाये जायें तो समझ लीजिये सत्ता के परिवर्तन की नितांत आवश्यकता है. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि `वसुधैव कुटुंबकम्`, `अनेकता में एकता` और ` सर्वधर्म समभाव` की आत्मा वाले हिंदुस्तान के किसी राज्य में ऐसे कृत्य करने वाली सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार और लोकतांत्रिक हक नहीं है.

तेजस्वी ने लोगों से की अपील-प्रेम चुनिये, नफरत नहीं...

बिहार के डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि देश-प्रदेश चलाने के लिए न्यायिक चरित्र व न्याय की जरूरत होती है, अत्याचारी मनोभाव व नफरत भरे एकतरफा निर्णय की नहीं. कहा कि देश नफरती शक्तियों को पहचान चुका है तथा लोकतांत्रिक ढंग से ऐसे तत्वों को सत्ता से हटाने की ठान चुका है. नफरत का हारना बहुत जरूरी है. प्रेम का जीतना उससे भी अधिक जरूरी है. उन्होंने अपने बयान में सबसे अपील की कि प्रेम चुनिए नफरत नहीं. एकता और अखंडता ही अखंड भारत के प्राण और ताकत हैं.

मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई थी हिंसा

उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर की सुबह संभल की शाही जामा मस्जिद का सर्वेक्षण किया गया था. पुलिस का कहना है कि इस दौरान मस्जिद के पास अराजक तत्वों ने सर्वेक्षण टीम पर पथराव कर दिया. देखते ही देखते माहौल बिगड़ता चला गया. पुलिस ने हालात को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और अराजक तत्वों को चेतावनी भी दी. हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत हो गयी.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही