Search

 
 
 

संजय सेठ की पीसी अपने विधायक को आईना दिखाने के लिए थी : झामुमो का तंज

डॉ.तनुज ने नगर विकास मंत्री के तौर पर पूर्व मंत्री सीपी सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि सिंह के कार्यकाल में रांची की ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी थी,
 

 Ranchi :  रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ द्वारा नगर निगम की बदहाल स्थिति पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. झामुमो  के केंद्रीय सदस्य डॉ तनुज खत्री ने इस प्रेस वार्ता को अपने ही विधायक को आईना दिखाने की कोशिश करार दिया.

 

डॉ तनुज ने कहा कि संजय सेठ की  प्रेस कॉन्फ्रेंस दरअसल अपने ही विधायक सीपी. सिंह को आईना दिखाने के लिए थी.

 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में रांची नगर निगम भ्रष्टाचार और राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया था. मेयर और डिप्टी मेयर के बीच की लगातार खींचतान ने नगर निगम को निष्क्रिय कर दिया था, जहां केवल टेंडर मैनेजमेंट और कमीशनखोरी चलती रही.

 

डॉ.तनुज ने नगर विकास मंत्री के तौर पर पूर्व मंत्री सीपी सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि सिंह के कार्यकाल में रांची की ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी थी, जिसकी वजह से शहर आज भी मामूली बारिश में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहा है.  सीपी सिंह तो एक ही नाली का उद्घाटन दो से तीन बार करते नज़र आते थे. 

 

डॉ. तनुज ने  कहा कि रांची, जो शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से एक अहम केंद्र है, आज भाजपा की नीतिगत विफलताओं के कारण बदहाली की मिसाल बन गया है.

 

रांची की सड़कों पर बहता पानी और गड्ढों में तब्दील होती सड़कें इस बात का प्रमाण हैं कि भाजपा शासन में नगर प्रबंधन केवल कागज़ों तक सीमित था.

  

हर बार बारिश में जब रांची की हालत खराब होती है, तो संजय सेठ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हैं. जबकि वे स्वयं पिछले पाँच वर्षों से इस क्षेत्र के सांसद हैं. जनता अब बहानों से नहीं, जवाबदेही से संतुष्ट होगी.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही