Search

 
 
 

Saraikela News  : कुकड़ू में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत

झारखंड सरकार के निर्देश पर खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में गुरुवार से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई.
 

Saraikela : झारखंड सरकार के निर्देश पर खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में गुरुवार से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई. इस अवसर पर सिरुम स्थित मध्य विद्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया.

 

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह पातर ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में सिरुम, पारगामा, जानुम और ओड़िया पंचायत के ग्रामीण भी मौजूद रहे.

 

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की. महिलाओं ने समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. उपस्थित लोगों ने शपथ लेते हुए अपने परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और बच्चों को नशे से बचाने तथा गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया.

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मधुश्री महतो ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए अभिशाप है. उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और पारिवारिक विवादों जैसी कई समस्याओं की जड़ में नशे की प्रवृत्ति होती है. इसलिए नशामुक्त समाज का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

 

वहीं, प्रतिमा सिंह पातर ने कहा कि गांवों में नशे के खिलाफ माहौल बनाने में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम है. उन्होंने लोगों से एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने और आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने की अपील की.

 

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण बढ़ाना और नशे के खिलाफ मजबूत सामाजिक माहौल तैयार करना है.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही