Search

 
 
 

Saraikela News: मेडिट्रीना अस्पताल के ICU में लगी आग, सभी मरीज सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते धुआं पूरे वार्ड में फैलने लगा, जिससे अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों में चिंता बढ़ गई.
 


Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते धुआं पूरे वार्ड में फैलने लगा, जिससे अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों में चिंता बढ़ गई. हालांकि अस्पताल प्रबंधन की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है.

 

अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. आग लगते ही अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए आईसीयू में भर्ती मरीजों को दूसरे सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट कर दिया, जिससे किसी भी मरीज को नुकसान नहीं पहुंचा.

 

इसे भी पढ़ें - 

 

दमकल की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआत में अस्पताल में मौजूद अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी. इसके बाद दमकल की कई गाड़ियों ने करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर पूरी तरह काबू पाया. आग बुझने के बाद राहत की सांस ली गई.

 

आईसीयू के उपकरणों को नुकसान, पुलिस ने शुरू की जांच

आग की वजह से आईसीयू में रखे कई महंगे चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अस्पताल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.

 

समय रहते मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. अस्पताल प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही