Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट में झामुमो के नेतृत्व में पिछले चार दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन बुधवार को प्रबंधन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया. जिला प्रशासन की पहल पर हुई वार्ता के बाद प्रबंधन ने मजदूरों व विस्थापितों की सभी मांगों पर सहमति जताई. इसके बाद समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर आंदोलन समाप्त कर दिया गया. इसके साथ ही प्लांट में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से शुरू हो गया.
जानकारी के अनुसार, मजदूरों और विस्थापितों की विभिन्न मांगों को लेकर झामुमो जिला एवं गम्हरिया प्रखंड कमेटी के नेतृत्व में प्लांट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था. पार्टी नेताओं ने प्रबंधन के समक्ष मजदूरों के अधिकारों और विस्थापित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. चार दिनों तक चले आंदोलन के बाद डीसी के साथ हुई वार्ता में सकारात्मक पहल हुई.
वार्ता में प्रबंधन, विस्थापित समिति के प्रतिनिधियों, झामुमो नेताओं व श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर की उपस्थिति में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए. प्रबंधन की ओर से सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया. इसके बाद प्लांट में कामकाज दोबारा शुरू हो गया.वार्ता में कंपनी के जीएम जयदेव ओझा, डीजीएम प्रतिभा तिर्की, झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी, प्रखंड सचिव बैद्यनाथ टुडू, कृष्णा बास्के और विस्थापित समिति के शत्रुघ्न महतो, तारिणी मंडल, होपना हसदा, बुद्धेश्वर नायेक व सुकू मार्डी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.