Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले में संगठित अपराध व अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. आदित्यपुर पुलिस ने एचरोड स्थित मुस्लिम बस्ती में सोमवार को कुख्यात अपराधी कदीम खान के ठिकानों पर छापेमारी की. उससे जुड़े मकानों व जमीनों की भी जांच की गई. पुलिस उसके आर्थिक नेटवर्क का पता लगा रही है.
इसे भी पढ़ें
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके ठिकानों पर पहुंचकर वहां रह रहे किराएदारों को खाली कराया. इसके बाद मकानों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की. पुलिस को सूचना मिली थी कि इन ठिकानों पर असामाजिक तत्वों का आना-जाना रहता है और यहां से संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं.
जांच के दौरान पुलिस ने कदीम खान की संपत्ति के साथ-साथ उसकी पत्नी डोली परवीन से जुड़े ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन संपत्तियों का वास्तविक इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था और इनसे होने वाली आमदनी का कहीं अवैध कारोबार से संबंध तो नहीं है.
पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि इन मकानों से मिलने वाले किराए की रकम का इस्तेमाल तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाने में किया जा रहा था. इसी सूचना के आधार पर पुलिस किराए से होने वाली आय और उसके इस्तेमाल की भी जांच कर रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कदीम खान या उसकी पत्नी डोली परवीन की भूमिका के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

