Search

 
 
 

CNI के वरिष्ठ धर्मगुरु ओनिल कुमार तिर्की का निधन, ईसाई समुदाय में शोक की लहर

चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (CNI) के वरिष्ठ धर्मगुरु और दुर्गापुर धर्मप्रांत के पूर्व बिशप ओनिल कुमार तिर्की का रांची के संत बरनाबास अस्पताल में निधन हो गया.
 
ओनिल कुमार तिर्की
  • रांची के संत बरनाबास अस्पताल में ली अंतिम सांस
  • चर्च और मसीही समाज में शोक की लहर
  • 1965 में शुरू की थी धार्मिक सेवकाई

Ranchi :  चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) के वरिष्ठ धर्मगुरु एवं दुर्गापुर धर्मप्रांत के पूर्व बिशप ओनिल कुमार तिर्की का रांची के संत बरनाबास अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही सीएनआई, रोमन कैथोलिक और जीईएल चर्च समेत विभिन्न ईसाई समुदायों में शोक की लहर दौड़ गई. विश्वासियों और चर्च के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है.

 

एक सप्ताह से अस्पताल में थे भर्ती

जानकारी के अनुसार, बिशप ओनिल कुमार तिर्की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. रांची के संत बरनाबास अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. वे अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं. उनका मूल निवास बेड़ो प्रखंड के कोलंबाबी गांव में था. हालांकि, वे रांची के कडरू में रहते थे.


1965 में शुरू हुई थी धार्मिक सेवकाई

बिशप ओनिल कुमार तिर्की ने चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया में लंबे समय तक महत्वपूर्ण सेवाएं दीं. उनकी धार्मिक सेवकाई की शुरुआत वर्ष 1965 में छोटानागपुर धर्मप्रांत में प्रिस्बिटर के रूप में हुई थी. वर्ष 1993 में उन्हें एपिस्कोपल सेवकाई के लिए चुना गया और 1993 से 1996 तक उन्होंने दुर्गापुर धर्मप्रांत के बिशप के रूप में जिम्मेदारी निभाई.

 

इसी दौरान चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया के तत्कालीन मॉडरेटर ने उन्हें नवस्थापित 'सीएनआई मिनिस्ट्री टू चिल्ड्रेन' के पूर्णकालिक कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी थी. इस पहल के माध्यम से बच्चों के बीच चर्च की सेवकाई को आगे बढ़ाने की योजना थी. हालांकि, पत्नी की गंभीर बीमारी और वर्ष 2000 में उनके निधन के कारण वे इस जिम्मेदारी को आगे नहीं निभा सके.

 

बाइबल सोसायटी ऑफ इंडिया में भी दी सेवाएं

बिशप ओनिल कुमार तिर्की ने वर्ष 1996 से 2004 तक बाइबल सोसायटी ऑफ इंडिया के बिहार ऑक्सिलरी सेक्रेटरी के रूप में सेवाएं दीं. 65 वर्ष की आयु में वे इस पद से सेवानिवृत्त हुए. धार्मिक सेवकाई के साथ-साथ उन्होंने उपदेश और कलीसियाई नेतृत्व को मजबूत करने में भी योगदान दिया. उनका अंतिम संस्कार रांची के कांटाटोली स्थित कब्रिस्तान में किए जाने की संभावना है. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही