- हाथियों के परिवार में शामिल हुआ नन्हा शेखर
- दलमा में मिला नया घर और परिवार
Jamshedpur News : हाथियों के झुंड से बिछड़ा सात महीने का नन्हा हाथी शेखर अब दलमा वन्यजीव अभयारण्य में अपनी नई जिंदगी शुरू कर चुका है. बुधवार को उसे गुमला वन प्रमंडल से दलमा लाया गया. यहां अब वह हथिनी रजनी और हाथी बादल के साथ रहेगा. शेखर के आने से दलमा में हाथियों का परिवार बढ़कर तीन सदस्यों का हो गया है.
दरअसल, शेखर अपने झुंड से बिछड़ गया था. वन विभाग की टीम ने उसे दोबारा हाथियों के झुंड में मिलाने की कोशिश की. लेकिन कुछ समय बाद वह फिर अलग हो गया. ऐसे में उसकी सुरक्षा और बेहतर देखभाल को देखते हुए वन विभाग ने उसे दलमा में रखने का फैसला लिया. दलमा की डीएफओ सबा आलम अंसारी के अनुसार, सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शेखर को यहां लाया गया है.
दलमा पहुंचते ही नन्हे शेखर ने अपनी चंचल हरकतों से वनकर्मियों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया. हालांकि, उसे नए माहौल में ढालने और संभालने में वनकर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ रही है. रजनी की देखभाल करने वाले महावत ने अपने हाथों से उसे खाना खिलाया. वन विभाग उसकी सेहत, खानपान और देखभाल पर विशेष नजर रख रहा है.
अब शेखर को रजनी और बादल का साथ मिलेगा. उम्मीद है कि इनके बीच रहकर वह धीरे-धीरे नए माहौल में ढल जाएगा. वहीं, दलमा आने वाले पर्यटकों के लिए भी शेखर नया आकर्षण बनेगा. झुंड से बिछड़ने के बाद अकेलेपन से जूझ रहे नन्हे शेखर को अब दलमा में एक नया ठिकाना ही नहीं, बल्कि नया परिवार भी मिल गया है.