Search

 
 
 

सरायकेला : नीमडीह में लड़की को उठा ले गया युवक, भड़के लोग

 
आक्रोशित ग्रामीणों ने मकान व दुकानों में लगाई आग, डीसी-एसपी पहुंचे Dilip Kumar Chandil  : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत झिमड़ी गांव में कथित रूप से हथियार के बल पर एक लड़की को उठाकर ले जाने के विरोध में शनिवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया. गुस्साए लोगों ने झिमडी मार्केट में चार दुकानों को आग के हवाले कर दिया. वहीं, समुदाय विशेष के आरोपी के घर में भी आग लगा दी. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया, फिर हवाई फायरिंग कर लोगों को हटाने का प्रयास किया. आक्रोशित लोगों ने चांडिल एसडीपीओ के वाहन में तोड़फोड़ की. घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है. घटना के बाद देर शाम सरायकेला-खरसावां डीसी रविशंकर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत दलबल के साथ झिमड़ी पहुंचे और घटना की जानकारी ली. झिमड़ी में पहले से नीमडीह और आसपास के थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत कई पदाधिकारी झिमड़ी पहुंचकर शांति  व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास में जुटे रहे. पूरा झमिड़ी गांव पुलिस छावनी में बदल हो गया है. पुलिस अधिकारी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं. डीसी व एसपी की अगुवाई में रात करीब नौ बजे झिमड़ी गांव में पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया. बताया जा रहा है कि झीमड़ी निवासी मोहम्मद तस्लीम गांव की ही एक लड़की को हथियार के बल पर गुरुवार की रात घर से उठाकर ले गया. परिवार वालों के विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. इस संबंध में पीड़ित परिवार ने नीमडीह थाना में लिखित आवेदन देकर लड़की को बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया था. शनिवार को जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर जुटने लगे. वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को हटाने का प्रयास किया. इससे लोग उग्र हो गए.  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही