Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार को पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर पिस्टल से गोली चला दी. इस हमले में 111 सेव लाइफ अस्पताल के मालिक ओपी आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है. घटना आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-4 स्थित आवास की है.
जानकारी के अनुसार, ओपी आनंद और उनके भाई सत्यप्रकाश सुधांशु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सत्यप्रकाश सुधांशु ने पिस्टल निकालकर अपने भाई पर फायरिंग कर दी. उसने लगातार दो राउंड गोली चलाई. एक गोली ओपी आनंद की पीठ में जा लगी, जबकि दूसरी गोली मिसफायर हो गई.
गोली चलने की आवाज से आवास में अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय वहां मौजूद ओपी आनंद के एक कर्मी ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.