Adityapur (Saraekela) :सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात पुलिस की मुखबिरी करने के शक में एक युवक पर फायरिंग कर दी गई. गोली अब्दुल जाफर के सिर को छूकर निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टीएमएच पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
बताया जा रहा है कि इलाके के अपराधी अजहर और कलीम शुक्रवार रात बस्ती में मौजूद थे. इसी दौरान आदित्यपुर पुलिस ने किसी मामले को लेकर इलाके में दबिश दी. पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों को शक हुआ कि उनकी मौजूदगी की सूचना अब्दुल जाफर ने पुलिस को दी है. इसी बात को लेकर दोनों ने जाफर को घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज करने के बाद फायरिंग कर दी.