Search

 
 
 

सरायकेलाः जंगली हाथी ने चांडिल में महिला को कुचलकर मार डाला, दहशत

कुंती महतो प्रतिदिन की भांति शनिवार की सुबह महुआ चुनने घर से निकली थी. महुआ पेड़ के नीचे फल चुनने के दौरान एक जंगली हाथी अचानक वहां आ धमका और सूंड़ से महिला को उठाकर पटक दिया.
 

Dilip Kumar

Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. जंगली हाथी ने शनिवार की सुबह एक महिला को पटक कर मार डाला. मृत महिला की पहचान अंडा गांव निवासी तेजू महतो की पत्नी कुंती महतो के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार कुंती महतो प्रतिदिन की भांति शनिवार की सुबह महुआ चुनने घर से निकली थी. महुआ पेड़ के नीचे फल चुनने के दौरान एक जंगली हाथी अचानक वहां आ धमका और सूंड़ से महिला को उठाकर पटक दिया. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर हाथी को भगाया. ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल कुंती महतो को घर लाया, जहां उसकी मौत हो गई.

ग्रामीणों की सूचना पर चांडिल वन क्षेत्र के वनकर्मी अंडा गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली. वन विभाग की ओर से रेंजर की अनुपस्थिति में वनकर्मियों ने मृत महिला के परिजनों को अग्रिम मुआवजा के रूप में 50 हजार रुपये नकद प्रदान किया. ग्रामीणों ने वनकर्मियों से जंगली हाथियों से जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. विदित हो कि इन दिनों नीमडीह प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ा हुआ है. शाम ढलते ही हाथी भोजन की तलाश में गांव में धावा बोल रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग हाथियों को नियंत्रित करने में विफल रहा है. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही