Ranchi News: राजधानी में छठ महापर्व के दौरान चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है. घरों में ताला लगाकर गांव और दूसरे शहरों में छठ मनाने गए परिवारों के बंद घरों चोरों ने निशाना बनाया. नामकुम, बीआईटी, चुटिया और पुंदाग ओपी क्षेत्र से चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. चोरों ने घरों का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, चोरी की एक बड़ी घटना नामकुम थाना क्षेत्र में सामने आई है. यहां चोरों ने झारखंड के गृह सचिव के बॉडीगार्ड के घर को भी निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि पूरा परिवार छठ पूजा मनाने के लिए गांव गया हुआ था. इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली.
वहीं चोरी की दूसरी बड़ी घटना बीआईटी थाना क्षेत्र में हुई है. यहां रहने वाले गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह अपने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने बिहार के छपरा के परसा गांव गए हुए थे. इसी दौरान रविवार को चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया और नकदी के साथ 12 लाख के सोने-चांदी के आभूषण उड़े ले गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद गृहस्वामी ने संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
इसके अलावा चुटिया और पुंदाग ओपी क्षेत्र से भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. हालांकि इन दोनों क्षेत्रों में चोरी गए सामानों और कुल नुकसान का आकलन अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.