Sanjeev Mehta | Adityapur (Saraekela) : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. यहां के लोग पानी खरीद कर प्यास बुझाने को मजबूर हैं. नगर निगम लोगों तक पानी नहीं पहुंचा पा रहा है. इस कारण लोग 1000 लीटर पानी का टैंकर 600 से 1000 रुपए में खरीद रहे हैं. बता दें कि नगर निगम प्रशासन ने इस गर्मी में पर्याप्त मात्रा में किराए पर टैंकर लेकर चिन्हित इलाकों में टैंकर से जलापूर्ति करने का दावा किया था, जो पर्याप्त नहीं है. जानकारी के मुताबिक पानी की कमी की वजह से सबसे बुरा हाल उन वार्ड में रह रहे लोगों का है, जहां पाइप लाइन से जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं है. इस वजह से आम जनता को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. अभी भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसी स्थिति में भूगर्भ जलस्तर काफी नीचे हो गया है. बोरिंग सूख गए हैं. कई लोगों ने तो चार बार बोरिंग कराया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पानी नहीं मिल रहा है. वहीं जिन इलाकों में पाइप लाइन जलापूर्ति की व्यवस्था है वहां के लोग दो टाईम (सुबह और शाम) पेयजल सप्लाई की मांग कर रहे हैं. लेकिन अभी एक वक्त भी मुश्किल से नसीब हो रहा है. लोगों का आरोप है कि आदित्यपुर नगर निगम के पदाधिकारी आम जनता के पेयजल की समस्या को सुनने को तैयार ही नहीं हैं. वे केवल टैक्स वसूली करने का नियम बनाने में व्यस्त रहते हैं. बता दें कि आदित्यपुर में जो वृहद जलापूर्ति की योजना निर्माणाधीन है उससे अगले वर्ष 2025 जुलाई से जलापूर्ति शुरु होने की संभावना है.
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट, 600 से 1000 रुपए में टैंकर खरीद रहे लोग
Last Updated: May 25, 2024 12:00 AM (IST)