Search

 
 
 

शेख हसीना विजय दिवस की तारीख पर लौटेंगी बांग्लादेश, तारिक रहमान से की अपील

Sheikh Hasina to return to Bangladesh: मंगलवार को अपनी वापसी की तारीख बताते हुए हसीना ने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय एयरलाइन के जरिए उनकी वापसी का इंतजाम करने की अपील की.
 

Lagatar Desk: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की तारीख तय हो गयी है. उन्होंने कहा है कि वह 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटेंगी. बांग्लादेश में इस दिन विजय दिवस मनाया जाता है. 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद देश आजाद हुआ था.

 

मंगलवार को अपनी वापसी की तारीख बताते हुए हसीना ने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय एयरलाइन के जरिए उनकी वापसी का इंतजाम करने की अपील की.

 

हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बयान में कहा है कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था. अब वह सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनके हवाई सफर का इंतजाम करने की अपील करती हैं. 

 

हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने कहा कि यह बहुत मायने रखता है कि उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर यानी विजय दिवस का दिन चुना है. अरिन ने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि हसीना की वापसी के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश फिर शांति, स्थिरता और तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा.

 

अगस्त 2024 में तख्तापलट के बाद से भारत में निर्वासन झेल रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी. उन्होंने इस फैसले को मानने से इनकार किया है. उनका कहना है कि बांग्लादेश लौटने के बाद वह इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी.

 

उधर शेख हसीना की देश वापसी की इच्छा पर बांग्लादेश सरकार ने साफ कर दिया है कि उन्हें सामान्य यात्री की तरह देश में आने की अनुमति नहीं मिलेगी. बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि हसीना को हथकड़ी लगाकर ही वापस लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि हसीना की इच्छा और देश के हालात में बहुत अंतर है.

 

इससे पहले उन्होंने ढाका में मौजूद विदेशी राजनयिकों को बांग्लादेश के हालात की जानकारी दी थी. कबीर ने कहा कि हसीना को देश वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अपनानी होगी. इसके बिना उन्हें लौटने की अनुमति नहीं दी जा सकती. कबीर ने कहा कि कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से लौटने का सपना देख सकता है, लेकिन हकीकत अलग है. हसीना कोई सामान्य विमान यात्री नहीं हैं. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही