Ranchi News: पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के स्कूल जेवीएम श्यामली का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है. रांची के इस स्कूल के पूर्व छात्र शिखर मोहन का चयन ईरानी कप के लिए हुआ है. बीसीसीआई ने उन्हें 'रेस्ट ऑफ इंडिया' की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है.
ईरानी कप में शिखर बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेंगे. वह ऋषभ पंत और सरफराज खान जैसे धुरंधरों के साथ खेलते नजर आएंगे. शिखर बाएं हाथ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं. वह अपनी स्लो लेफ्ट-आर्म स्पिन से बड़े बल्लेबाजों को भी परेशान करते हैं. शिखर ने स्कूल के दिनों से ही अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है.
उन्होंने साल 2022 में जेवीएम श्यामली से अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद 2022-23 सत्र में उन्हें वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए झारखंड अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया.
शिखर ने घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है. झारखंड प्रीमियर लीग, रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे और दलीप ट्रॉफी में उन्होंने कई शानदार शतक और अर्धशतक जड़े हैं. इस चयन पर जेवीएम श्यामली स्कूल के प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि शिखर में भी धोनी वाला स्पार्क मौजूद है और यह विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें