Ranchi: केंद्रीय पिछड़ी जाति संघर्ष समिति ने ओबीसी को आरक्षण देने की मांग को लेकर राजधानी रांची समेत राज्य के पांच जिलों में मंगलवार (6 अक्टूबर) को बंद का आह्वान किया गया है. ग्रामीण इलाकों में बंद असरदार रहने का अंदेशा है. इसके मद्देनजर पांचों जिलों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं.
जिन जिलों में बंद का आह्वान किया गया है, उनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिला शामिल है. पिछड़ी जाति संघर्ष समिति ने बंद सफल बनाने के लिए सोमवार की शाम पांचों जिलों में जगह-जगह मशाल जुलूस निकाला था.
पिछड़ी जाति संघर्ष समिति की मांग है कि सरकारी नौकरियों में उन्हें आरक्षण दिया जाये. ओबीसी की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो. इसके साथ ही जनगणना के कॉलम में ओबीसी जाति लिखने की व्यवस्था हो. पेसा कानून के तहत उन्हें भी अधिकार मिले. अगर ओबीसी जाति के साथ न्याय नहीं होता है आंदोलन को और तेज किया जायेगा.