Search

 
 
 

सिमडेगा : हिमंता ने कहा, हेमंत सरकार ने न आदिवासी समाज के लिए काम किया, न ही आम जनता के लिए

 
 Simdega :   असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड के सिमडेगा में भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा और सुजान जोजो के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार न आदिवासी समाज के लिए काम कर रही है, न ही आम जनता के लिए. आरोप लगाया कि झारखंड सरकार केवल कांग्रेस के नेताओं आलमगीर आलम और इरफान अंसारी के लिए काम कर रही है.

झारखंड के युवाओं को नौकरी नहीं मिली

हिमंता ने हेमंत सोरेन पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया, जैसे कि 2019 में पांच लाख नौकरी देने का वादा और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात, जो कभी पूरी नहीं हुई. सरमा ने कहा, हेमंत सोरेन ने अपने पिता कीकसम खाकर झूठे वादे किये, लेकिन झारखंड के युवाओं को किसी प्रकार की नौकरी नहीं मिली. इसके अलावा, उन्होंने गरीबों के साथ किये गये वादों को भी जुमला करार दिया, जैसे गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता, सोने का सिक्का देने का वादा, और बेटियों की शादी में आर्थिक मदद देने का वादा. उन्होंने दावा किया कि राज्य के धन का दुरुपयोग कर नेताओं ने अपने घर भर लिये हैं और भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी हैं.

भाजपा की सरकार बनेगी, तो बुजुर्गों को ₹2500 पेंशन, महिलाओं को 2100 प्रतिमाह

सरमा ने कहा कि अगर झारखंड में भाजपा की सरकार बनती है, तो सभी बुजुर्गों को ₹2500 पेंशन, महिलाओं को 2100 प्रतिमाह, और 2 लाख 87 हजार युवाओं को नौकरियां देने की योजना है. इसके साथ ही, सरमा ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त बालू उपलब्ध करवायेगी और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 21 लाख घर बनाएगी. गैस सिलेंडर की कीमत भी ₹500 तक सीमित की जायेगी और साल में दो मुफ्त सिलेंडर प्रदान किये जायेंगे.

भाजपा सत्ता में आने पर सहारा के निवेशकों का पैसा वापस करेगी

आरोप लगाते हुए सरमा ने कहा कि राज्य में अपराध की दर बढ़ रही है, लेकिन हेमंत सरकार में कोई कठोर कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर सहारा के निवेशकों का पैसा वापस करेगी और घुसपैठियों को बाहर करेगी. हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड के लोगों से भाजपा को समर्थन देने की अपील की और कहा कि झारखंड में संपूर्ण विकास तभी संभव है जब केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार हो.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही